हमसे जुड़े

Follow us

12.4 C
Chandigarh
Saturday, February 7, 2026
More

    Haryana Roadways: घरौंडा में नहीं रुकी रोडवेज बस, पानीपत टोल पर उतारे कॉलेज स्टुडेंट

    Gharaunda News
    Gharaunda News: घरौंडा में नहीं रुकी रोडवेज बस, पानीपत टोल पर उतारे कॉलेज स्टुडेंट

    बस के अंदर बनाया वीडियो हुआ वायरल, परिजनों में रोष, मंत्री अनिल विज से शिकायत की तैयारी

    घरौंडा/करनाल (सच कहूँ न्यूज़)। Gharaunda News: घरौंडा बस स्टैंड पर हरियाणा रोडवेज की बस नहीं रोकने और कॉलेज स्टुडेंट को पानीपत टोल पर उतारने का मामला सामने आया है। जम्मू से दिल्ली जा रही रोडवेज बस में सवार छात्र ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। छात्र को घरौंडा में नहीं उतारे जाने से परिवार में गुस्सा है। परिजनों का कहना है कि कंडक्टर ने गलत व्यवहार किया। मामले को लेकर घरौंडा बस स्टैंड इंचार्ज और केबिनेट मंत्री अनिल विज को शिकायत देने की तैयारी की जा रही है। Gharaunda News

    शेखपुरा खालसा गांव का अतुल करनाल के सरकारी कॉलेज में बीए द्वितीय वर्ष का छात्र है। बुधवार की दोपहर करीब साढ़े 12 बजे वह हरियाणा रोडवेज की जम्मू-दिल्ली बस में करनाल से सवार हुआ। उसके साथ घरौंडा का एक अन्य युवक भी था। अतुल के पास हरियाणा रोडवेज का बस पास था। करीब एक बजे बस घरौंडा पहुंची और बस स्टैंड की बजाय फ्लाईओवर पर चढ़ने लगी। इस पर छात्र ने बस रोकने की बात कही, लेकिन कंडक्टर ने मना कर दिया और बहस शुरू हो गई।

    स्टुडेंट नीलोखेड़ी में बस रोकने और वहां सवारियां बैठाने पर भी सवाल उठाता है, जिस पर कंडक्टर ब्रेकडाउन की सवारियां होने की बात कहता है। अतुल के पिता वीरेंद्र सिंह ने बताया कि रोडवेज का पास होने के बावजूद बच्चे को परेशान किया गया। अतुल ने कंडक्टर से फ्लाईओवर पर ही उतारने की गुजारिश की थी, लेकिन वहां भी बस नहीं रोकी गई। आरोप है कि टोल पर अचानक बस चलने से अतुल का मोबाइल दरवाजे से टकरा गया, जिससे स्क्रीन टूट गई। वे इस मामले की शिकायत मंत्री अनिल विज और घरौंडा बस स्टैंड इंचार्ज से करेंगे।

    अधिकारियों का पक्ष | Gharaunda News

    घरौंडा बस स्टैंड इंचार्ज रविशंकर धीमान ने कहा कि वीडियो उनके पास आया है, लेकिन अभी कोई लिखित शिकायत नहीं मिली। शिकायत आने पर जांच की जाएगी। वहीं करनाल के जीएम कुलदीप ने बताया कि बस दिल्ली डिपो की थी और उसका घरौंडा में स्टॉप नहीं था। हालांकि अगर सवारी चढ़ चुकी थी तो कंडक्टर को उतारना चाहिए था।

    यह भी पढ़ें:– भाकियू जल्द करेगी वेव बिल्डर का मुकम्मल इलाज: जयकुमार मलिक