हमसे जुड़े

Follow us

19.5 C
Chandigarh
Friday, February 6, 2026
More
    Home देश Vayu Shakti 2...

    Vayu Shakti 2026: पाकिस्तान बॉर्डर के पास फिर ”ऑपरेशन सिंदूर”! गरजेंगे भारतीय वायुसेना के 100 से अधिक फाइटर जेट

    Indian Air Force News

    Vayu Shakti 2026: नई दिल्ली। भारतीय वायुसेना आगामी 27 फरवरी को राजस्थान के जैसलमेर सेक्टर में वर्ष का पहला व्यापक वायु सैन्य अभ्यास आयोजित करने जा रही है। ‘वायु शक्ति 2026’ नामक इस अभ्यास में पाकिस्तान सीमा के समीप वास्तविक युद्ध जैसी परिस्थितियों का अनुकरण करते हुए वायुसेना अपनी सामरिक क्षमता और समन्वित संचालन का प्रदर्शन करेगी। Indian Air Force News

    रक्षा सूत्रों के अनुसार, इस अभ्यास में पश्चिमी तथा दक्षिण-पश्चिमी कमान के प्रमुख एयरबेस सक्रिय रहेंगे। 100 से अधिक लड़ाकू और परिवहन विमान, हेलीकॉप्टर तथा मानव रहित प्रणालियां इसमें भाग लेंगी। हाल के अभियानों में अपनी दक्षता सिद्ध कर चुके राफेल, सुखोई-30 एमकेआई, तेजस, मिग-29, मिराज-2000, जगुआर और हॉक जैसे लड़ाकू विमान सटीक प्रहार क्षमता का प्रदर्शन करेंगे। मिग-21 के सेवानिवृत्त होने के बाद यह पहला बड़ा अभ्यास होगा, जिसमें यह विमान शामिल नहीं रहेगा।

    पूरे हवाई क्षेत्र की निगरानी और नियंत्रण किया जाएगा

    अभ्यास के दौरान इंटीग्रेटेड एयर कमांड एंड कंट्रोल सिस्टम (आईएसीसीएस) के माध्यम से पूरे हवाई क्षेत्र की निगरानी और नियंत्रण किया जाएगा। विभिन्न रेंज के रडारों से प्राप्त सूचनाओं के आधार पर एक समेकित ‘एयर पिक्चर’ तैयार की जाएगी, जिससे संभावित खतरों की पहचान और त्वरित प्रतिक्रिया संभव होगी। वायु रक्षा के लिए बहु-स्तरीय तंत्र सक्रिय रहेगा, जिसमें आकाश मिसाइल प्रणाली, एंटी-एयरक्राफ्ट गन और एंटी-ड्रोन प्रणाली शामिल होंगी।

    परिवहन और विशेष अभियान क्षमताओं का भी प्रदर्शन किया जाएगा। सी-130जे सुपर हरक्यूलिस सीमित रनवे पर उतरकर गरुड़ कमांडो को तैनात करेगा और अल्प समय में पुनः उड़ान भरेगा। सी-295 विमान पहली बार रात्रिकालीन असॉल्ट लैंडिंग अभ्यास करेगा। प्रचंड, चिनूक, एमआई-17 और एएलएच हेलीकॉप्टर सामरिक समर्थन प्रदान करेंगे। इसके अतिरिक्त, ड्रोन और लायटरिंग म्यूनिशन भी अभ्यास का हिस्सा होंगे।

    अभ्यास के लिए वैमानिक सूचना (NOTAM) जारी की गई है। सुरक्षा की दृष्टि से वायु रक्षा इकाइयों को उच्च सतर्कता पर रखा गया है। रक्षा अधिकारियों के अनुसार, इस प्रदर्शन को देखने के लिए कई विशिष्ट अतिथियों तथा मित्र देशों के प्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया है। ‘वायु शक्ति 2026’ भारतीय वायुसेना की आक्रामक और रक्षात्मक क्षमताओं के समन्वित प्रदर्शन का मंच बनेगा, जो देश की वायु सुरक्षा प्रतिबद्धता और रणनीतिक तैयारी को रेखांकित करेगा। Indian Air Force News