आम आदमी पार्टी ने परिवहन आयुक्त के नाम सौंपा ज्ञापन
AAP Rajasthan: हनुमानगढ़। जिले में वाहन मालिकों को फिटनेस प्रमाण-पत्र बनवाने में हो रही भारी परेशानियों की तरफ आम आदमी पार्टी ने परिवहन विभाग का ध्यान आकर्षित करवाया है। आम आदमी पार्टी के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को राजस्थान सरकार के परिवहन आयुक्त को परिवहन विभाग के अधिकारियों के माध्यम से ज्ञापन प्रेषित करते हुए हनुमानगढ़ जिला मुख्यालय पर वाहन फिटनेस जांच केन्द्र खोलने की मांग की। Hanumangarh News
आप जिलाध्यक्ष सुरेन्द्र बेनीवाल के अनुसार पूर्व में राज्य सरकार की ओर से अधिकृत निजी फिटनेस सेंटरों के माध्यम से निजी एवं व्यावसायिक चारपहिया वाहनों की फिटनेस जांच की जाती थी, जिन्हें बाद में बंद कर दिया गया। इसके बाद जिला परिवहन कार्यालयों में सरकारी स्तर पर फिटनेस जांच की व्यवस्था की गई, लेकिन हाल ही में इस व्यवस्था को भी समाप्त कर दिया गया है। वर्तमान में हनुमानगढ़ जिले के वाहन मालिकों को फिटनेस प्रमाण-पत्र बनवाने के लिए नोखा स्थित एटीएस सेंटर जाना पड़ रहा है। हनुमानगढ़ जिला मुख्यालय से नोखा की दूरी लगभग 300 किलोमीटर होने के कारण वाहन मालिकों को समय, श्रम और धन की भारी क्षति उठानी पड़ रही है। इससे न केवल आर्थिक बोझ बढ़ रहा है, बल्कि दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है।
कई वाहन बिना वैध फिटनेस के सड़कों पर दौड़ने को मजबूर
पार्टी ने यह भी चिंता जताई कि फिटनेस जांच की सुविधा दूर होने से कई वाहन बिना वैध फिटनेस के सड़कों पर दौड़ने को मजबूर हैं, जिससे सड़क सुरक्षा प्रभावित हो रही है। साथ ही, समय-समय पर चलाए जाने वाले विशेष अभियानों में भारी जुर्माने का सामना वाहन मालिकों को करना पड़ता है, जो पूरी तरह से अव्यावहारिक है। आम आदमी पार्टी ने मांग की कि प्रत्येक जिला मुख्यालय पर पूर्व की व्यवस्था को पुन: बहाल कर जिला मुख्यालय पर ही वाहनों की फिटनेस संबंधी जांच का कार्य करवाया जाए, ताकि वाहन मालिकों को राहत मिल सके और सड़क दुर्घटनाओं पर भी प्रभावी नियंत्रण किया जा सके। इस मौके पर राजवीर माली, राजकुमार गर्ग, गोपाल मेघवाल, जयपाल स्वामी, ओमप्रकाश शर्मा, नरेश कुमार, हैप्पी, कमल कुमार, लीलाधर, सुभाष चंद्र, सुखविंद्र सिंह, विपिन कुमार मौजूद रहे। Hanumangarh News















