हमसे जुड़े

Follow us

13 C
Chandigarh
Thursday, February 12, 2026
More

    Road Accident: निजी बस की टक्कर से अधेड़ की मौत, चालक के खिलाफ मामला दर्ज

    Ludhiana News
    सांकेतिक फोटो

    हनुमानगढ़। जिले के पल्लू कस्बे के मुख्य बस स्टैंड पर सब्जी खरीदने आए एक अधेड़ व्यक्ति को तेज रफ्तार निजी बस ने टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल व्यक्ति की जयपुर ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। इस संबंध में पल्लू पुलिस थाना में मुकदमा दर्ज करवाया गया है। पुलिस के अनुसार बालसमंद जिला हिसार (हरियाणा) निवासी पंकज (19) पुत्र इत्वारी वाल्मीकि, हाल निवासी पल्लू ने रिपोर्ट दर्ज करवाई कि उसका परिवार पिछले 10-15 वर्षांे से पल्लू में रह रहा है। Hanumangarh News

    आठ फरवरी को दोपहर करीब 12 बजे उसके पिता इत्वारी (41) पुत्र सुल्तान सिंह सब्जी खरीदने के लिए पल्लू के मुख्य बस स्टैंड पर आए थे। उसके पिता बस स्टैंड पर खड़े थे, तभी वहां से गुजर रही निजी बस नम्बर आरजे 49 पीए 1325 के चालक ने तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाते हुए उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से उसके पिता गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।

    हादसे की सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंचा। स्थानीय निवासी मक्खन व अन्य लोगों की सहायता से उसके पिता को पल्लू के राजकीय चिकित्सालय पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें उच्च चिकित्सा केन्द्र के लिए रेफर कर दिया। वे उन्हें जयपुर लेकर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसके पिता ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने मृतक के पुत्र की रिपोर्ट के आधार पर बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच एएसआई राजपाल को सौंपी है। पुलिस मामले की तफ्तीश कर रही है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। Hanumangarh News