हमसे जुड़े

Follow us

16.2 C
Chandigarh
Tuesday, February 17, 2026
More

    Gold-Silver Price Today: सोने-चांदी की कीमतें गिरी, चांदी 2 प्रतिशत तक फिसली, कारण डॉलर की मजबूती

    मुंबई। सप्ताह के पहले कारोबारी दिन घरेलू वायदा बाजार में सोना और चांदी की कीमतों में नरमी दर्ज की गई। बाजार विशेषज्ञों के अनुसार, अमेरिकी मुद्रास्फीति के ताजा आंकड़ों में आई कमी और डॉलर की मजबूती ने कीमती धातुओं पर दबाव बनाया है। Gold-Silver Price Today

    Multi Commodity Exchange (MCX) पर अप्रैल फ्यूचर कॉन्ट्रैक्ट्स के लिए सोने की कीमतें 0.57% कम होकर 1,54,999 रुपये प्रति 10 ग्राम पर खुली, जबकि ये 1,55,895 रुपये पर बंद हुई थी। MCX पर मार्च कॉन्ट्रैक्ट्स के लिए चांदी की कीमत 5,871 रुपये या 2.4% गिरकर 2,38,489 रुपये प्रति किलोग्राम पर खुला, जबकि 2,44,360 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी।

    डॉलर इंडेक्स में तेजी का असर | Gold-Silver Price Today

    अमेरिकी उपभोक्ता मूल्य सूचकांक (सीपीआई) में जनवरी के दौरान नरमी दर्ज की गई। इसके बाद डॉलर इंडेक्स मजबूत होकर लगभग 97 के स्तर पर पहुंच गया। जब डॉलर सशक्त होता है, तो अंतरराष्ट्रीय बाजार में डॉलर में मूल्यांकित सोना-चांदी अन्य देशों के खरीदारों के लिए महंगे हो जाते हैं, जिससे मांग पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है।

    विश्लेषकों का मानना है कि संतुलित महंगाई और मजबूत रोजगार संकेतों के चलते Federal Reserve निकट भविष्य में ब्याज दरों में बदलाव से बच सकता है। ऊंची ब्याज दरों की संभावना भी कीमती धातुओं की चमक को सीमित करती है।बाजार जानकारों के अनुसार, सोने को निकट अवधि में निचले स्तरों पर सहारा मिल सकता है, जबकि ऊपरी स्तरों पर बिकवाली का दबाव देखने को मिल सकता है। चांदी में भी प्रमुख समर्थन और प्रतिरोध स्तरों पर निवेशकों की नजर बनी हुई है। Gold-Silver Price Today

    दीर्घकालिक दृष्टिकोण सकारात्मक

    हालांकि अल्पकालिक दबाव बना हुआ है, विशेषज्ञों का मानना है कि वैश्विक भू-राजनीतिक तनाव, केंद्रीय बैंकों द्वारा सोने की खरीद और सुरक्षित निवेश की मांग के कारण लंबी अवधि में कीमती धातुओं का रुख मजबूत रह सकता है। निवेशक अब अमेरिकी आर्थिक संकेतकों—जैसे सकल घरेलू उत्पाद के प्रारंभिक आंकड़े और व्यक्तिगत उपभोग व्यय (पीसीई) मुद्रास्फीति डेटा—का इंतजार कर रहे हैं, जिनसे ब्याज दरों की दिशा स्पष्ट हो सकती है। इसके अतिरिक्त, अमेरिका-ईरान संबंधों और रूस-यूक्रेन संघर्ष से जुड़े घटनाक्रमों पर भी बाजार की पैनी नजर बनी हुई है, क्योंकि इनका प्रभाव ऊर्जा कीमतों और वैश्विक निवेश रुझानों पर पड़ सकता है। Gold-Silver Price Today