हमसे जुड़े

Follow us

23 C
Chandigarh
Saturday, April 4, 2026
More
    Home राज्य राजस्थान दो केएनजे में...

    दो केएनजे में पशु चिकित्सालय भवन निर्माण की उठी मांग

    Hanumangarh News

    बजट स्वीकृत होने के बाद नगर परिषद के खाली भूखंड पर निर्माण की मांग

    हनुमानगढ़। दो केएनजे गांव में संचालित पशु उप स्वास्थ्य केन्द्र वर्तमान में श्री गोशाला भवन में अस्थायी रूप से चल रहा है। अब राज्य सरकार की ओर से पशु उप स्वास्थ्य केन्द्र के लिए बजट जारी किए जाने के बाद ग्रामीणों ने स्थायी भवन निर्माण की मांग तेज कर दी है। इस संबंध में ग्रामीणों ने शुक्रवार को अतिरिक्त जिला कलक्टर को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से अस्थायी व्यवस्था में चल रहे अस्पताल को अब स्वयं के भवन की आवश्यकता है ताकि पशुपालकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। Hanumangarh News

    ग्रामीणों ने बताया कि दो केएनजे में नगर परिषद का एक खाली भूखंड उपलब्ध है, जहां पशु चिकित्सालय भवन का निर्माण किया जा सकता है। इसके अलावा गांव में बंद पड़े पंचायत भवन के साथ लगी सरकारी भूमि भी निर्माण के लिए उपयुक्त बताई गई है। ग्रामीणों का कहना है कि किसी भी एक उपयुक्त स्थान का चयन कर शीघ्र निर्माण कार्य प्रारंभ किया जाए, जिससे पशुपालकों को राहत मिल सके। क्षेत्र में आबादी अधिक होने के कारण अधिकांश परिवारों के पास गाय, भैंस, बकरी, घोड़ी सहित अन्य मवेशी पशु हैं। वर्तमान में अस्थायी स्थान पर सीमित संसाधनों के बीच पशुओं का उपचार किया जा रहा है।

    ग्रामीणों का कहना है कि यदि पक्के भवन का निर्माण होता है तो उपचार सुविधाएं सुदृढ़ होंगी और राज्य सरकार की विभिन्न पशुपालन एवं स्वास्थ्य संबंधी योजनाओं का लाभ आमजन तक प्रभावी रूप से पहुंच सकेगा। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि जारी बजट का सदुपयोग करते हुए शीघ्र भूमि चिन्हित कर निर्माण कार्य प्रारंभ किया जाए। उनका कहना है कि पशु चिकित्सालय भवन बनने से क्षेत्र के पशुपालकों को समय पर उपचार सुविधा मिलेगी और पशुधन की सुरक्षा सुनिश्चित होगी, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी। इस मौके पर रणवीर सिहाग, राजेंद्र सुथार, वेदप्रकाश, उत्तम नेहरा, मुकेश कुमार सहित अन्य ग्रामीण उपस्थित रहे। Hanumangarh News