हमसे जुड़े

Follow us

16 C
Chandigarh
Thursday, February 26, 2026
More
    Home राज्य राजस्थान 15 साल बाद रा...

    15 साल बाद राज्य स्तरीय चिकित्सा सम्मेलन की मेजबानी करेगा हनुमानगढ़

    Hanumangarh News
    15 साल बाद राज्य स्तरीय चिकित्सा सम्मेलन की मेजबानी करेगा हनुमानगढ़

    आधुनिक मधुमेह प्रबंधन पर होगा गहन विमर्श

    हनुमानगढ़। रिसर्च सोसायटी फॉर द स्टडी ऑफ डायबिटीज इन इंडिया (आरएसएसडीआई) राजस्थान चैप्टर का 13वां वार्षिक राज्य स्तरीय अधिवेशन ‘राज आरएसएसडीआई-26’ आगामी 28 फरवरी से 1 मार्च तक हनुमानगढ़ टाउन स्थित राजवी पैलेस में आयोजित किया जाएगा। इस अधिवेशन में प्रदेश एवं देशभर से लगभग 400 से 500 वरिष्ठ चिकित्सक, मधुमेह रोग विशेषज्ञ एवं स्वास्थ्य विशेषज्ञ हिस्सा लेंगे। Hanumangarh News

    साथ ही राष्ट्रीय स्तर के 60 से 65 प्रख्यात चिकित्सकों के व्याख्यान आयोजित होंगे। अधिवेशन का औपचारिक उद्घाटन समारोह 28 फरवरी को शाम 6 बजे आयोजित किया जाएगा। अधिवेशन का वैज्ञानिक कार्यक्रम आधुनिक मधुमेह प्रबंधन, नवीन अनुसंधान, उन्नत उपचार पद्धतियों तथा रोगी-केन्द्रित देखभाल पर आधारित रहेगा। विशेषज्ञों की ओर से व्याख्यान, परिचर्चा एवं संवाद सत्र आयोजित किए जाएंगे। बुधवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में आयोजन अध्यक्ष डॉ. एसएस गेट ने बताया कि पूर्व में संभाग स्तर पर अधिवेशन आयोजित होते रहे हैं, किंतु हनुमानगढ़ जिला मुख्यालय पर राज्य स्तरीय आयोजन होना गर्व का विषय है।

    आरएसएसडीआई का 13वां वार्षिक राज्य स्तरीय अधिवेशन 28 फरवरी से

    संरक्षक डॉ. पारस जैन एवं डॉ. बृजेश गौड़ ने जानकारी दी कि 1 मार्च को सुबह 10 बजे राजवी पैलेस में विशेष वैज्ञानिक संगोष्ठी आयोजित की जाएगी। इसकी विशेषता यह रहेगी कि वरिष्ठ मधुमेह रोग विशेषज्ञ पुराने रोगियों से सीधा संवाद करेंगे, उनकी जिज्ञासाओं का समाधान करेंगे तथा व्यवहारिक मार्गदर्शन प्रदान करेंगे। इस दौरान ब्लड शुगर सहित अन्य चिकित्सीय जांचों की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। मधुमेह के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से 1 मार्च को सुबह 8.30 बजे टाउन में भारत माता चौक स्थित रिलायबल लैब से मधुमेह जागरूकता रैली प्रारंभ होकर राजवी पैलेस तक पहुंचेगी। इसमें विद्यार्थियों एवं चिकित्सा समुदाय की सक्रिय भागीदारी रहेगी।

    शैक्षणिक गतिविधियों के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आकर्षण का केन्द्र रहेंगे। सांस्कृतिक संध्या एवं फूलों की होली विशेष प्रस्तुति के रूप में आयोजित की जाएगी। आईएमए के अध्यक्ष डॉ. प्रताप सिंह शेखावत ने कहा कि जिले में लगभग 15 वर्षों बाद इस प्रकार का राज्य स्तरीय आयोजन होना अपने आप में स्वर्णिम अवसर है। आयोजन समिति ने विश्वास व्यक्त किया है कि ‘राज आरएसएसडीआई-26’ राज्य में मधुमेह उपचार, अनुसंधान एवं जनजागरूकता को नई दिशा प्रदान करेगा। अधिवेशन की तैयारियां प्रारंभ हो चुकी हैं तथा पंजीकरण प्रक्रिया जारी है। प्रेस वार्ता में डॉ. ज्ञानसिंह शेखावत, डॉ. अमृतपाल सिंह एवं डॉ. राकेश फगेड़िया भी मौजूद रहे। Hanumangarh News