हमसे जुड़े

Follow us

29.1 C
Chandigarh
Tuesday, March 17, 2026
More
    Home देश RTE Admission...

    RTE Admission 2026-27: राइट-टू-एजुकेशन को लेकर आधे से भी कम निजी स्कूलों ने अपलोड की सीटें

    Sirsa News
    RTE Admission 2026-27: राइट-टू-एजुकेशन को लेकर आधे से भी कम निजी स्कूलों ने अपलोड की सीटें

    RTE Admission 2026-27: सरसा (सच कहूँ/सुनील वर्मा)। आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएर्स) और वंचित समूहों के बच्चों को निजी स्कूलों में मुफ्त शिक्षा देने की योजना आरटीई (राइट-टू-एजुकेशन) को लेकर निजी स्कूलों की उदासीनता सामने आ रही है। शिक्षा विभाग के निर्देशों के बावजूद अधिकांश निजी स्कूलों ने अब तक आरटीई के तहत उपलब्ध सीटों का ब्योरा पोर्टल पर अपलोड नहीं किया है। विभाग की ओर से 11 से 17 मार्च तक सभी निजी स्कूलों को आरटीई के तहत उपलब्ध सीटों की संख्या उज्ज्वल पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश दिए गए थे। मंगलवार को इसका अंतिम दिन है, लेकिन प्रदेश के केवल 28.4 प्रतिशत स्कूलों ने ही अब तक सीटों का ब्योरा अपलोड किया है। Sirsa News

    प्रदेश में कुल 9157 निजी स्कूल हैं, जिनमें से सिर्फ 2601 स्कूलों ने ही सीटों की जानकारी दी है, जबकि 6556 स्कूलों ने अब तक कोई विवरण अपलोड नहीं किया है। जिलों की बात करें तो सोनीपत में 45.63 प्रतिशत, कुरुक्षेत्र में 41.22 प्रतिशत, झज्जर में 40.71 प्रतिशत, गुरुग्राम में 40.28 प्रतिशत और सरसा में 39.94 प्रतिशत स्कूलों ने आरटीई के तहत मुफ्त दाखिले के लिए सीटों का विवरण अपलोड किया है। वहीं प्रदेश में पंचकूला 1.37 प्रतिशत, रेवाड़ी 10.03 प्रतिशत,चरखी दादरी 13.66 प्रतिशत, करनाल 13.69 प्रतिशत और पलवल 18.71 प्रतिशत के साथ सबसे निचले पायदान पर हैं। यह डाटा 14 मार्च तक का है। शिक्षा विभाग की ओर से प्रदेश के सभी जिला शिक्षा अधिकारियों, खंड शिक्षा अधिकारियों व मान्यता प्राप्त निजी स्कूलों के मुखियाओं को आरटीई के तहत सीटों का ब्यौरा निर्धारित समयाअवधि में अपलोड करने के निर्देश दिए है।

    अब ऐसे चलेगी पूरी प्रक्रिया | Sirsa News

    शिक्षा विभाग के कार्यक्रम के अनुसार 18 से 24 मार्च तक जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय स्कूलों से प्राप्त सीटों और दस्तावेजों का सत्यापन करेगा। इसके बाद 25 से 30 मार्च तक सत्यापित स्कूलों की सूची सार्वजनिक की जाएगी। इसके बाद 31 मार्च से 7 अप्रैल तक उज्ज्वल पोर्टल पर पात्र बच्चों के अभिभावकों से ऑनलाइन आवेदन लिए जाएंगे। आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद विभाग की रिजल्ट वैलिडेशन कमेटी 9 अप्रैल को लॉटरी के माध्यम से परिणाम घोषित करेगी और बच्चों को स्कूल आवंटित किए जाएंगे।

    लॉटरी में चयनित बच्चों के दाखिले 10 से 23 अप्रैल तक संबंधित स्कूलों में कराए जाएंगे। यदि सीटें खाली रह जाती हैं तो उन्हें भरने के लिए 30 अप्रैल से 4 मई तक वेटिंग सूची जारी की जाएगी। हालांकि अभी तक बड़ी संख्या में निजी स्कूलों द्वारा सीटों का ब्योरा अपलोड न करने के कारण संभावना जताई जा रही है कि शिक्षा विभाग स्कूलों को एक और मौका देते हुए अंतिम तिथि आगे बढ़ा सकता है।

    जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी डॉ. विजय लक्ष्मी ने सभी निजी स्कूलों को निर्देश दिए हैं कि वे आरटीई के तहत उपलब्ध सीटों का डाटा निर्धारित समय सीमा के भीतर आॅनलाइन पोर्टल पर अनिवार्य रूप से अपलोड करें, ताकि पात्र बच्चों को समय पर दाखिला प्रक्रिया का लाभ मिल सके। Sirsa News