चालक के खिलाफ नामजद मामला दर्ज
Road Accident: हनुमानगढ़। नेशनल हाइवे-62 पर दर्दनाक सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई। घटना 15 मार्च की रात करीब 9.40 बजे की है, जब कैंचियां से सूरतगढ़ की ओर जा रही एक तेज रफ्तार पिकअप ने इलेक्ट्रिक स्कूटी सवार को पीछे से टक्कर मार दी। इस संबंध में गोलूवाला पुलिस थाना में मुकदमा दर्ज करवाया गया है। पुलिस के अनुसार, परिवादी विश्वास कुमार (23) पुत्र लाभचंद अरोड़ा निवासी 83 एलएनपी जोड़कियां हाल 36 एमओडी कैंचियां ने गोलूवाला पुलिस थाना में रिपोर्ट दर्ज करवाई। रिपोर्ट में बताया कि उनके पिता लाभचंद 15 मार्च की रात को कैंचियां से उनके रेस्टोरेंट 35 एमओडी बस स्टैंड, एनएच-62 पर इलेक्ट्रिक स्कूटी से आ रहे थे। Hanumangarh News
इसी दौरान पीछे से आ रही पिकअप नम्बर आरजे 13 जीसी 3338 ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि लाभचंद स्कूटी से उछलकर सड़क पर गिर पड़े और पिकअप चालक स्कूटी को काफी दूर तक घसीटता हुआ ले गया। मौके पर मौजूद परिवादी व अन्य लोगों ने घायल को संभाला और 108 एंबुलेंस की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोलूवाला पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पिकअप का पीछा कर उसे रुकवाया गया। पिकअप चालक ने अपना नाम हरीराम पुत्र बखूराम सांसी निवासी सोमासर तहसील सूरतगढ़ जिला श्रीगंगानगर बताया। पुलिस ने परिवादी की रिपोर्ट के आधार पर पिकअप चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच कैंचियां पुलिस चौकी प्रभारी उप निरीक्षक लाल बहादुर चंद्र को सौंपी गई है।
इक की टक्कर से महिला गंभीर घायल | Hanumangarh News
हनुमानगढ़। भादरा कस्बे में सिरसा बाइपास स्थित सरस डेयरी के पास एक अज्ञात मोटर साइकिल चालक की टक्कर से महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना 12 मार्च की दोपहर की बताई जा रही है, जबकि इस संबंध में अब भादरा पुलिस थाना में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, परिवादी संदीप सिंह (36) पुत्र छोटूराम मेघवाल निवासी वार्ड एक, भादरा ने रिपोर्ट दी कि उसकी माता रेशमा 12 मार्च को सिरसा बाइपास स्थित सरस डेयरी के पास किसी कार्य से गई हुई थी।
इसी दौरान दोपहर करीब 12 से 1 बजे के बीच एक अज्ञात मोटर साइकिल चालक ने लापरवाही व तेज गति से वाहन चलाते हुए उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में रेशमा के बाएं हाथ व पैर में फ्रैक्चर हो गया तथा सिर में गंभीर चोटें आईं। टक्कर के बाद वह बेहोश हो गईं और चालक मौके से फरार हो गया। आसपास के लोगों ने पहचान कर उन्हें घर पहुंचाया, जहां से परिजन उन्हें उपचार के लिए विवेकानंद अस्पताल भादरा लेकर गए। हालत गंभीर होने पर उन्हें सिरसा के सिटी हॉस्पिटल में रेफर किया गया। परिवादी ने बताया कि उपचार के बाद भी उसकी माता की हालत में सुधार नहीं है। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर अज्ञात मोटर साइकिल चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच हेड कांस्टेबल जगदीश सिंह को सौंपी गई है। Hanumangarh News















