कैराना (सच कहूँ न्यूज़)। Kairana Smart Meter News: कस्बे में लगाए गए स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं के लिए परेशानी का सबब बन रहे है। स्मार्ट मीटरों में नेगेटिव बैलेंस के चलते होने वाले ऑटोमैटिक विच्छेदन से उपभोक्ता परेशान है। समस्या के समाधान को एसडीओ कार्यालय पर उपभोक्ताओं की कतार लगने लगी है। उत्तर-प्रदेश विद्युत निगम के द्वारा नगरीय व ग्रामीण क्षेत्रों में स्मार्ट मीटर लगाए जाने का कार्य किया जा रहा है। शहरों व नगरीय क्षेत्रों में करीब 80 फीसदी उपभोक्ताओं के यहां स्मार्ट मीटर लग चुके है।
हालांकि ग्रामीण क्षेत्र अभी इस आंकड़े में पिछड़ा हुआ है, क्योंकि रूरल एरिया में स्मार्ट मीटर लगाए जाने का कार्य विभाग के द्वारा देर से शुरू किया गया है। कैराना में भी कमोबेश 80-85 प्रतिशत घरेलू व वाणिज्यिक उपभोक्ताओं के यहां पर स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके है। उपभोक्ताओं के घरों व संस्थानों पर लगे स्मार्ट मीटर प्रीपेड मोड़ में चले गए है। उपभोक्ता स्मार्ट मीटर के ऑपरेटिव सिस्टम को लेकर पूरी तरह जागरूक नही है, जिसके चलते ये मीटर अभी से ही उपभोक्ताओं के लिए परेशानी का सबब बनने लगे है। विगत 13 मार्च से स्मार्ट मीटर नेगेटिव बैलेंस होते ही ऑटोमैटिक विच्छेदन कर रहे है, जिसके चलते उपभोक्ताओं के घरों व संस्थानों की बिजली गुल हो रही है। बकाया जमा करने के एकदम बाद भी आपूर्ति चालू नही होने पर उपभोक्ता आक्रोशित है। समस्या के समाधान के लिए उपभोक्ता बिजली महकमे के दफ्तरों के चक्कर काट रहे है। Kairana Smart Meter
बुधवार को भी एसडीओ कैराना के कार्यालय पर उपभोक्ताओं की कतार नजर आई। यह वह उपभोक्ता है, जिनके स्मार्ट मीटर प्रीपेड मोड़ में जा चुके है और बैलेंस नेगेटिव होते ही विच्छेदन हो गया है। उपभोक्ताओं ने विभाग के उच्चाधिकारियों से समस्या के उचित समाधान की मांग की है ताकि परेशानी से बचा जा सके। वहीं, एसडीओ कैराना अमित गुप्ता का कहना है कि कस्बे के उपभोक्ताओं के यहां लगे स्मार्ट मीटर प्रीपेड मोड़ में जा चुके है। विगत 13 मार्च से मीटरों ने नेगेटिव बैलेंस होते ही ऑटोमैटिक विच्छेदन शुरू कर दिया है। उपभोक्ता यूपीपीसीएल स्मार्ट एप्लिकेशन डाऊनलोड करें ताकि विच्छेदन की समस्या का सामना न करना पड़े।
यह भी पढ़ें:– Navodaya Result: नवोदय परीक्षा में जैद चौहान की शानदार सफलता, गांव में खुशी की लहर















