खरखौदा (सच कहूँ न्यूज़)। Kharkhoda News: शहीद दलबीर सिंह राजकीय महाविद्यालय में प्राचार्या डॉ तराना नेगी के मार्गदर्शन में आंतरिक गुणवत्ता प्रकोष्ठ के तत्वाधान में गणित विभाग में भारत के महान गणितज्ञ विषय पर निबंध लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। विभिन्न विभागों के 26 विद्यार्थियों ने इस प्रतियोगिता मे भाग लिया। प्रतियोगिता का आयोजन गणित विभागाध्यक्ष डॉ मनदीप कुमारी द्वारा किया गया। इस अवसर पर प्राचार्या डॉ तराना नेगी ने बताया कि भारतीय गणितज्ञों का योगदान केवल अंकों तक सीमित नहीं है, बल्कि इसने खगोल विज्ञान, वास्तुकला और आधुनिक कंप्यूटर विज्ञान की नींव रखी है।
उनका जीवन हमें यह सिखाता है कि सीमित संसाधनों के बावजूद, दृढ़ संकल्प और प्रतिभा से बड़ी से बड़ी चुनौती को पार किया जा सकता है। प्राचार्या ने विद्यार्थियों को इस प्रकार की प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में निर्णायक मंडल की भूमिका डॉ रजनीश कुमारी, गीता शर्मा तथा डॉ संगीता कुमारी द्वारा निभाई गई। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान नितिन बीए प्रथम वर्ष, द्वितीय स्थान दुष्यन्त बीए द्वितीय वर्ष , तृतीय स्थान कविता बीए तृतीय वर्ष तथा सांत्वना पुरस्कार प्रिया कुमारी तृतीय वर्ष ने प्राप्त किया।















