सरसा (सच कहूँ न्यूज)। गेहूँ खरीद सीजन शुरू होने से पहले सरकारी गोदामों में जगह की कमी को देखते हुए सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। अब अप्रैल महीने में ही पात्र परिवारों को मई का गेहूँ भी साथ दिया जाएगा। इससे जिले के करीब 2.22 लाख राशन कार्ड धारकों को राहत मिलेगी और उन्हें बार-बार डिपो के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग ने सभी जिलों के अधिकारियों को निर्देश जारी कर दिए हैं। इसके तहत केवल गेहूं ही दो महीने का एक साथ दिया जाएगा, जबकि चीनी और सरसों का तेल पहले की तरह महीनेवार ही वितरित होंगे। Ration Card News
31 मार्च तक उठान के निर्देश
अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि अप्रैल और मई दोनों महीनों का गेहूँ 31 मार्च 2026 तक उठाकर डिपो तक पहुंचा दिया जाए। सरसा जिले के लिए अप्रैल में 43,334.19 क्विंटल और मई के लिए 44,868.95 क्विंटल गेहूँ आवंटित किया गया है।
किसे कितना मिलेगा राशन | Ration Card News
अंत्योदय अन्न योजना के तहत प्रत्येक राशन कार्ड पर 35 किलो गेहूँ दिया जाएगा, जबकि बीपीएल परिवारों को प्रति सदस्य 5 किलो मुफ्त गेहूँ मिलेगा। यह मात्रा दोनों महीनों की एक साथ उपलब्ध होगी। हालांकि, चीनी और सरसों का तेल केवल अप्रैल महीने का ही मिलेगा।
लापरवाही पर कार्रवाई तय
विभाग ने स्पष्ट किया है कि तय समय में उठान पूरा नहीं होने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी। राशन वितरण पीओएस मशीनों के जरिए आधार आधारित बायोमेट्रिक सत्यापन के बाद ही होगा। दरअसल, मंडियों में नए गेहूँ की आवक शुरू होने वाली है और गोदाम पहले से भरे हुए हैं। ऐसे में नए स्टॉक के लिए जगह बनाने को पुराना गेहूँ तेजी से डिपो तक भेजा जा रहा है। इसी वजह से सरकार ने यह फैसला लिया है। Ration Card News















