हिसार के एक सरकारी स्कूल का मामला | Hisar News
हिसार (सच कहूँ/मुकेश)। हिसार के एक सरकारी स्कूल में छात्राओं को कथित रूप से मुर्गा बनाकर पूरे परिसर में घुमाने का मामला सामने आने के बाद विवाद गहरा गया है। हरियाणा मानवाधिकार आयोग (Haryana Human Rights Commission) ने स्वत: संज्ञान लेते हुए इसे छात्राओं की गरिमा और मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ा गंभीर मुद्दा बताया है। घटना 7 मार्च की बताई जा रही है, जो जगान गांव, अग्रोहा ब्लॉक स्थित सरकारी उच्च विद्यालय की है। Hisar News
मामले के तीन वीडियो सामने आए हैं, जिनके आधार पर जांच समिति गठित की गई है। आयोग के अध्यक्ष जस्टिस ललित बत्रा ने स्पष्ट कहा कि यदि आरोप सही पाए गए तो यह बच्चों के मानवाधिकारों का गंभीर उल्लंघन होगा। अनुशासन के नाम पर किसी भी प्रकार का शारीरिक या मानसिक उत्पीड़न स्वीकार नहीं किया जाएगा। आयोग ने कहा कि ऐसी घटनाएं बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ की भावना के खिलाफ हैं। साथ ही शिक्षा का अधिकार अधिनियम 2009 और किशोर न्याय अधिनियम 2015 के तहत शारीरिक दंड और बच्चों के साथ क्रूरता दंडनीय है।
आयोग ने उपायुक्त, जिला शिक्षा अधिकारी, पुलिस अधीक्षक और स्कूल प्रिंसिपल से रिपोर्ट तलब कर 12 मई 2026 की सुनवाई से पहले जवाब मांगा है। असिस्टेंट रजिस्ट्रार डॉ. पुनीत अरोड़ा ने कहा कि मामले की गहन जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। Hisar News















