हमसे जुड़े

Follow us

16.2 C
Chandigarh
Friday, March 20, 2026
More
    Home देश शिक्षा विभाग ...

    शिक्षा विभाग व जेएनवी ओढ़ां बोला- पूरे क्षेत्र को नरेश पर नाज!

    Sirsa News
    शिक्षा विभाग व जेएनवी ओढ़ां बोला- पूरे क्षेत्र को नरेश पर नाज!

    एक ही विद्यालय व एक ही गांव से अब तक 62 बच्चों का जेएनवी में हो चुका है सिलेक्शन

    ओढ़ां (सच कहूँ/राजू)। गांव ओढ़ां के पीएमश्री जवाहर नवोदय विद्यालय में 554 विद्यार्थी शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। इनमें से 11 प्रतिशत विद्यार्थी एक ही गांव के एक ही विद्यालय से हैं। सुनने में ये कुछ अजीब लग रहा होगा, लेकिन ये सब एक अध्यापक ने अपनी मेहनत से संभव कर दिखाया। इस कार्य के लिए उक्त गांव के अलावा शिक्षा विभाग व जेएनवी ओढ़ां भी उक्त अध्यापक की मुक्तकंठ से सराहना कर रहा है। एक ही विद्यालय से लगातार बच्चों के हो रहे सिलेक्शन पर नवोदय विद्यालय प्रबंधन भी हैरान है। जब नवोदय के प्राचार्य ललित कालड़ा ने इस विषय में जब जानकारी प्राप्त की तो सामने आया कि ये सब उक्त विद्यालय के अध्यापक नरेश पूनिया की मेहनत-लगन एवं पढ़ाने के तौर तरीके का ही नतीजा है। प्राचार्य ने उक्त अध्यापक के साथ-साथ वहां के विद्यालय प्रबंधन की भी सराहना की। Sirsa News

    मेरी बचपन से जेएनवी में जाने की थी इच्छा :-

    अध्यापक नरेश पूनिया ने बताया कि जब वह अपने में कक्षा 5वीं में पढ़ते थे तो उनकी इच्छा थी कि वह जवाहर नवोदय विद्यालय में पढ़े, लेकिन उनका सिलेक्शन नहीं हो पाया। सिलेक्शन न होने पर वे अत्यंत निराश हुए, लेकिन फिर उन्होंने मन में ठान ली थी कि भले ही उसका नवोदय में सिलेक्शन नहीं हो पाया, लेकिन वह एक दिन वह स्वयं एक अध्यापक बनकर बच्चों को पढ़ाते हुए उनका नवोदय सिलेक्शन करवाएगा। यहीं बात नरेश के के लिए उसका जुनून बन गई। जिसके बाद मेहनत-लगन से पढ़ाई कर एक जेबीटी अध्यापक बने।

    पहली बार हुआ 9 बच्चों का सिलेक्शन तो मिली ऊर्जा | Sirsa News

    अध्यापक नरेश पूनिया वर्ष 2016 से गांव तलवाड़ा खुर्द में स्थित राजकीय आदर्श संस्कृति प्राथमिक पाठशाला में कार्यरत है। शुरू में वर्ष 2018-19 में उन्होंने कक्षा 5वीं के बच्चों में जवाहर नवोदय विद्यालय के लिए ऊर्जा भरते हुए उन्हें प्रवेश परीक्षा के लिए तैयार किया। परिणामस्वरूप प्रथम वर्ष में नरेश कुमार की कक्षा से 9 बच्चों का नवोदय में सिलेक्शन हुआ, जो नरेश के लिए ऊजार्वान सिद्ध हुआ। जिसके बाद नरेश की कक्षा से वर्ष 2021-22 में 9 बच्चों का, वर्ष 2022-23 में 6 बच्चों का, 2023-24 में 9 बच्चों का व 2024-25 में 16 बच्चों का तथा 2025-26 में 9 बच्चों का नवोदय में सिलेक्शन हुआ जोकि विद्यालय के लिए ही नहीं बल्कि पूरे गांव के लिए गर्व का विषय है। ऐलनाबाद खंड में तलवाड़ा खुर्द का ये विद्यालय टॉप पर है। इसके लिए अध्यापक नरेश कुमार जिला स्तर पर सम्मानित भी हो चुके हैं।

    अभिभावक बोले : सोचा भी नहीं था

    तलवाड़ा खुर्द के विद्यालय से नवोदय विद्यालय में सिलेक्ट हुए बच्चों के अभिभावकों का कहना है कि उन्होंने कभी सोचा भी नहीं था कि उनके बच्चे कभी इतने बड़े संस्थान में जा पाएंगे। उन्होंने इसके लिए विद्यालय के अध्यापक नरेश पूनिया व विद्यालय प्रबंधन का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उनके बच्चों को यहां तक पहुंचने के लिए न तो विद्यालय को कोई अतिरिक्त फीस दी गई और न ही कहीं से अलग कोचिंग लेनी पड़ी।

    मैं अध्यापक नरेश कुमार की जितनी सराहना करूं उतना ही कम है। नरेश पूनिया हमारे विद्यालय का एक तरह से हीरा है, इनकी मेहनत का ही परिणाम है की एक ही गांव व एक ही विद्यालय से 62 बच्चे नवोदय जैसे उच्च संस्थान में जा पाए हैं,
    -भीमसैन साईं, सरपंच तलवाड़ा खुर्द

    हमारे विद्यालय के लिए ये गर्व का विषय है कि अब तक यहां एक ही गांव व एक ही स्कूल से 62 से अधिक विद्यार्थियों का जेएनवी में सिलेक्शन हो चुका है। इस सब के पीछे अध्यापक नरेश पुनिया की मेहनत-लगन है।
    – राय सिंह, विद्यालय इंचार्ज (तलवाड़ा खुर्द)

    ये रहा तैयारियों का शेड्यूल | Sirsa News

    एक ही गांव के एक ही विद्यालय से अब तक 62 बच्चों का नवोदय में सिलेक्शन होने पर न केवल अभिभावक बल्कि अन्य स्कूल व जेएनवी ओढां भी हैरान है। अध्यापक नरेश ने शीतकालीन अवकाश के दौरान भी बच्चों को सुबह से लेकर देर सायं तक तथा लॉकडाउन में भी नि:शुल्क अतिरिक्त क्लासें लगाकर 8 से 10 घंटे तक नवोदय की प्रवेश परीक्षा की तैयारी करवाई। नरेश अपने विद्यालय के विद्यार्थियों के अतिरिक्त अन्य विद्यार्थियों को निजी रूप से कोचिंग देने से स्पष्ट इंकार करते हैं। अध्यापक नरेश पुनिया ने जुलाई 2025 में जेएनवी की प्रवेश परीक्षा में अपने विद्यालय के 40 बच्चों के फार्म भरवाए थे जिनमें 17 मार्च को घोषित हुए परीक्षा परिणामों में 9 बच्चों का सिलेक्शन हुआ है, जिसमें एक बच्ची एकता को ओवरआॅल चौथा रैंक हासिल हुआ है।

    हमें हर्ष के साथ-साथ आश्चर्य भी है कि एक ही गांव के एक ही विद्यालय से हर वर्ष इतने विद्यार्थियों का नवोदय विद्यालय में सिलेक्शन हो रहा है। जेएनवी में कुल विद्यार्थियों में से 62 यानी करीब 11 प्रतिशत विद्यार्थी तलवाड़ा खुर्द के उक्त विद्यालय से हैं। अध्यापक नरेश कुमार सराहना के पात्र हैं। Sirsa News
    – ललित कालड़ा, प्राचार्य (पीएम श्री जेएनवी ओढ़ां)