
मीरापुर (सच कहूँ/कोमल प्रजापति)। Mirapur News: कस्बे के मोहल्ला तहबरपुरा से एक युवक द्वारा दूसरे समुदाय की छात्रा को प्रेमजाल में फंसाकर अपने साथ ले जाने का मामला सामने आया है, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने गंभीरता दिखाते हुए त्वरित कार्रवाई की और आरोपी युवक को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ कड़ी धाराओं में मुकदमा दर्ज करते हुए जेल भेज दिया। Mirapur News
मीरापुर थाने में दर्ज मुकदमे के अनुसार 20 मार्च को मीरापुर के मोहल्ला तहबरपुरा निवासी एक छात्रा मेरठ के एक कॉलेज में पढ़ने के लिए घर से गई थी, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटी। परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन जब उसका कोई पता नहीं चला तो छात्रा के पिता ने मीरापुर थाने में तहरीर देकर बेटी के लापता होने की सूचना दी। पुलिस ने तुरंत मामले की जांच शुरू की और संदिग्धों से पूछताछ की। जांच के दौरान पता चला कि मोहल्ले के ही एक युवक ने छात्रा को बहला-फुसलाकर अपने प्रेमजाल में फंसा लिया और उसे अपने साथ ले गया।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने बिना देरी किए युवक और छात्रा दोनों को बरामद कर लिया। छात्रा के पिता की तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ अपहरण, शादी का झांसा देकर शोषण तथा पॉक्सो एक्ट जैसी गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। थाना प्रभारी राजीव शर्मा ने बताया कि आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है। वहीं छात्रा का मेडिकल परीक्षण जिला चिकित्सालय में कराकर उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र का माहौल बिगड़ने से बच गया और लोगों ने पुलिस की कार्यशैली की सराहना की। Mirapur News
यह भी पढ़ें:– जालसाजी का अजीबोगरीब मामला, मां-बेटे और वकील समेत चार लोग गिरफ्तार














