हमसे जुड़े

Follow us

21.6 C
Chandigarh
Saturday, March 28, 2026
More
    Home देश हांसी के पास ...

    हांसी के पास दर्दनाक सड़क हादसा: ट्राले से टकराई कार, 2 की मौके पर मौत, 3 घायल

    Hansi
    Hansi हांसी के पास दर्दनाक सड़क हादसा: ट्राले से टकराई कार, 2 की मौके पर मौत, 3 घायल

    हांसी (सच कहूँ/मुकेश)। हांसी के गांव सैनीपुरा के पास शुक्रवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां पल भर में छीन लीं। शादी समारोह से लौट रहे युवकों की कार आगे चल रहे ट्राले से जा टकराई, जिसमें दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार, फतेहाबाद के मोची चौबारा निवासी 42 वर्षीय महावीर और करीब 38 वर्षीय मनोज अपने साथियों के साथ भिवानी जिले के गांव बड़सी में आयोजित शादी समारोह में शामिल होकर वापस लौट रहे थे। जैसे ही उनकी कार गांव सैनीपुरा के पास पहुंची, आगे जा रहे ट्राले के पीछे जा भिड़ी।

    टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि महावीर और मनोज की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार में सवार तीन अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही शिशु पुल चौकी पुलिस और शहर थाना प्रभारी सुखजीत सिंह टीम सहित मौके पर पहुंचे और घायलों को तुरंत हांसी के सामान्य अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें हिसार रेफर कर दिया गया। सामान्य अस्पताल पहुंचे गांव चौबारा के सरपंच जोगिंदर कुमार ने बताया कि मनोज अपने माता-पिता की इकलौती संतान था और खेती का काम करता था। उसके परिवार में मां, पत्नी, दो बेटियां और एक बेटा है। वहीं महावीर (42) भी खेतीबाड़ी से जुड़ा था और उसके दो बेटे हैं। दोनों ही अपने परिवार के इकलौते कमाने वाले सदस्य थे, जिनकी मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

    घायलों में गांव चौबारा निवासी करीब 45 वर्षीय कृष्ण और 30 वर्षीय विक्रम शामिल हैं, जो खेती का कार्य करते हैं। विक्रम की ही कार थी, जिसमें सभी सवार थे। इसके अलावा गांव चंद्रावल निवासी विनोद भी घायल हुआ है, जो दूल्हे मुकेश का बुआ का लड़का बताया जा रहा है। तीनों घायलों को हिसार के अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। बताया जा रहा है कि सभी युवक गांव चौबारा निवासी मुकेश की शादी में शामिल होकर लौट रहे थे। खुशियों के इस मौके पर हुए हादसे से पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई है। ट्राला चालक बालकरण ने बताया कि वह उत्तर प्रदेश से सिरसा की ओर जा रहा था, तभी पीछे से अचानक कार आकर उसके वाहन से टकरा गई। शहर थाना प्रभारी सुखजीत सिंह ने बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया और मृतकों के शवों को हांसी के सामान्य अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।