जिले में 16 केन्द्रों पर 6131 परीक्षार्थी देंगे परीक्षा
RSCIT Exam 2026: हनुमानगढ़। वर्धमान महावीर खुला विश्वविद्यालय, कोटा की ओर से आयोजित आरएससीआईटी परीक्षा 29 मार्च, रविवार को आयोजित की जाएगी। परीक्षा जिले सहित राज्य के सभी जिला एवं तहसील मुख्यालयों पर सुबह 10 बजे से 11 बजे तक होगी। विश्वविद्यालय की ओर से परीक्षा के सफल आयोजन को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। प्रत्येक जिले में मुख्य पर्यवेक्षक के नेतृत्व में टीमों का गठन किया गया है, जो परीक्षा संचालन की निगरानी करेंगी। परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को सुबह 9.30 बजे तक अनिवार्य रूप से परीक्षा केन्द्र पर पहुंचना होगा। निर्धारित समय के बाद प्रवेश नहीं दिया जाएगा, इसलिए समय से पहले पहुंचने की सलाह दी गई है। Hanumangarh News
परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने के लिए जिला प्रशासन को आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं। अधिकारियों को परीक्षा केन्द्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने तथा कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए कहा गया है। निर्देशों के अनुसार परीक्षा दिवस पर सुबह 8.30 बजे से ही सभी केन्द्रों पर सुरक्षा व्यवस्था लागू कर दी जाएगी।
प्रशासनिक अधिकारी व पुलिस बल केन्द्रों के आसपास निगरानी रखेंगे, ताकि परीक्षा के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था नहीं हो। हनुमानगढ़ जिले के मुख्य पर्यवेक्षक डॉ. एसके कुलश्रेष्ठ ने बताया कि आरएससीआईटी परीक्षा के लिए जिले में कुल 16 केन्द्र बनाए गए हैं। हनुमानगढ़ जिला मुख्यालय पर तीन, संगरिया-टिब्बी में एक-एक, रावतसर में तीन, नोहर में दो, भादरा में दो, पीलीबंगा में दो व पल्लू में दो केन्द्र बनाए गए हैं। इनमें 6131 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। Hanumangarh News















