हनुमानगढ़। जमीन विवाद के चलते एक युवक व उसके पिता के साथ गंभीर मारपीट करने का मामला सामने आया है। इस संबंध में तलवाड़ा झील थाना पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। जानकारी के अनुसार, जिला अस्पताल में भर्ती गोविंद कुमार (37) पुत्र भगवानाराम कुम्हार निवासी मियांवाली ढाणी, चक 16 एसएलडब्ल्यू, हाल निवासी वार्ड 20, टाउन ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि वह अपने पैतृक मकान की मरम्मत व निर्माण कार्य के लिए पिछले कुछ दिनों से गांव आ-जा रहा था। Hanumangarh News
करीब 10 दिन पहले उसके ताऊ लिछमणराम व उनके बेटे रामगोपाल के बीच मारपीट हुई थी, जिसमें गोविंद कुमार ने पंचायत में विमला देवी के पक्ष में बात की थी। इसी बात को लेकर रामगोपाल उससे रंजिश रखता था। 25 मार्च को दोपहर करीब 1.15 बजे, जब गोविंद कुमार निर्माण कार्य के दौरान ईंटें उठा रहा था, तभी रामगोपाल पुत्र लिछमणराम लोहे के कापा के साथ, दिनेश पुत्र रामगोपाल लोहे की रॉड, सीता पुत्री रामगोपाल कुल्हाड़ी तथा सन्तरो उर्फ रेशमा पत्नी रामगोपाल लाठी लेकर मौके पर पहुंचे और एक राय होकर हमला कर दिया।
आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है
हमले में रामगोपाल ने कापा से सिर पर वार किया, जिससे गोविंद कुमार घायल होकर गिर पड़ा। इसके बाद सीता ने कुल्हाड़ी से वार किया, जिससे उसके बाएं हाथ की हथेली पर चोट लगी। अन्य आरोपियों ने भी उसके साथ मारपीट की। शोर सुनकर उसके पिता मौके पर पहुंचे तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट आई तथा पैर व हाथ टूट गए।
मारपीट के दौरान आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी। बाद में मजदूर रणजीत ने बीच-बचाव कर दोनों को छुड़ाया और परिजनों की मदद से उन्हें सरकारी जिला अस्पताल में भर्ती करवाया। पुलिस ने बयान व चोटों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच एएसआई फरसाराम को सौंपी गई है। Hanumangarh News
मोबाइल फोन खरीदकर लौट रहे युवकों पर हमला
हनुमानगढ़। मोबाइल फोन खरीदकर लौट रहे दो युवकों पर एक दर्जन के करीब लोगों की ओर से हमला करने का मामला सामने आया है। नोहर थाना पुलिस ने इस संबंध में नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, नोहर कस्बे के वार्ड तीन निवासी राजू खां (48) पुत्र बसीर खान ने रिपोर्ट दी कि उसका भतीजा आरिफ पुत्र जीराज तथा इरफान पुत्र निवाजदीन 26 मार्च की शाम को भारत ऑडियो सेंटर से मोबाइल फोन खरीदने गए थे। शाम करीब 7.30 बजे जब दोनों दुकान से बाहर निकले, तभी अनवर पुत्र हैदर अली, साहिल पुत्र जान मोहम्मद, जायद, इरफान, अयूब, सोयब, साहिद सहित 3-4 अन्य लोग 4-5 मोटर साइकिलों पर सवार होकर पहुंचे और एक राय होकर हमला कर दिया।
अनवर के हाथ में लोहे का सरिया, साहिल के पास रॉड तथा अन्य के पास लाठियां व डंडे थे। सभी आरोपियों ने दोनों युवकों के साथ बेरहमी से मारपीट की। इस दौरान अनवर व साहिल ने इरफान को जान से मारने की नीयत से सरिये व रॉड से वार किए। घटना के दौरान आसपास के लोगों ने बीच-बचाव कर दोनों को छुड़ाया। इसके बाद इरफान अपनी जान बचाकर भागा, लेकिन आरोपी उसका पीछा करते हुए डेयरी के पास पहुंचे और मोटर साइकिल से टक्कर मारकर गिरा दिया। इसके बाद दोबारा सरियों, रॉड व लाठियों से मारपीट की।
बाद में स्थानीय लोगों ने हस्तक्षेप कर इरफान को छुड़ाया और गंभीर हालत में सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया, जहां से उसे प्राथमिक उपचार के बाद बीकानेर रेफर किया गया। बताया गया कि इरफान कैंसर से पीड़ित है और आरोपियों को इसकी जानकारी होने के बावजूद हमला किया गया। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच कार्यवाहक थाना प्रभारी एएसआई महेंद्र सिंह की ओर से की जा रही है Hanumangarh News















