शादी के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश
हनुमानगढ़। भादरा थाना पुलिस ने शादी के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए लुटेरी दुल्हन सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सिंह मीना के निर्देशन में की गई। एसपी मीना ने बताया कि 27 मार्च को सुलेन्द्र कुमार ने भादरा पुलिस थाना में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। Hanumangarh News
रिपोर्ट में बताया गया कि दलवीर और सुनीता एक युवती उषा को साथ लेकर आए और विवाह कराने के नाम पर 5 लाख रुपए की मांग की। सौदा तय होने पर प्रार्थी ने उसी दिन 3 लाख रुपए नकद दे दिए। इसके बाद 25 मार्च को विवाह के लिए प्रार्थी अपने परिजनों के साथ हिसार गया, जहां आरोपियों ने सोने की एक अंगूठी (लगभग एक तोला) तथा होटल, पार्लर और मिठाई के नाम पर 70500 रुपए और ले लिए। विवाह के बाद दुल्हन को लेकर प्रार्थी भादरा के डोबीबास आ गया। अगले ही दिन 26 मार्च को आरोपी दलवीर, सुनीता और दो अन्य व्यक्ति प्रार्थी के घर पहुंचे और शेष 2 लाख रुपए की मांग करने लगे। रकम नहीं देने पर उन्होंने धमकी दी और मौके से चले गए।
दुल्हन पूजा के मोबाइल पर आए एक कॉल से पूरे गिरोह का खुलासा हुआ
इसी दौरान दुल्हन पूजा के मोबाइल पर आए एक कॉल से पूरे गिरोह का खुलासा हुआ, जिसमें कॉल करने वाले ने पूजा को अपनी पत्नी बताते हुए ठगी के इस नेटवर्क की जानकारी दी। इस संबंध में भादरा थाने में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की जांच नोहर की अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गीता चौधरी और नोहर के वृताधिकारी संजीव कटेवा के सुपरविजन में तथा थाना प्रभारी हनुमानाराम बिश्नोई के नेतृत्व में की गई। जांच अधिकारी सहायक उप निरीक्षक दुनीराम और उनकी टीम ने मानवीय व तकनीकी साक्ष्य जुटाकर चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों में दलवीर उर्फ धर्मबीर (55) पुत्र बद्रीप्रसाद सोनी निवासी योगनगर, कस्बा हिसार, जिला हिसार (हरियाणा), पूजा (19) पुत्री वजीर धानक व उषा (40) पत्नी वजीर धानक दोनों निवासी टिब्बा दानासर पीएस शहर हिसार हाल किरायेदार, मकान दलवीर, योगनगर, हिसार, सुनीता (37) पत्नी बजरंग जाट गोदारा निवासी शिव पार्क के पास, शिव मंदिर, शिव नगर, कस्बा हिसार, जिला हिसार (हरियाणा) शामिल हैं। पुलिस टीम में सहायक उप निरीक्षक दुनीराम, हैड कांस्टेबल सुनीता, कांस्टेबल सुशीला और सतीश शामिल रहे। पुलिस के अनुसार, आरोपियों से अन्य संभावित वारदातों और गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों के बारे में पूछताछ की जा रही है। Hanumangarh News















