गुवाहाटी (एजेंसी)। गेंदबाजों के बेहतरीन प्रदर्शन के बाद वैभव सूर्यवंशी (52) और यशस्वी जायसवाल (नाबाद 38 ) की पारियों की बदौलत राजस्थान रॉयल्स (आरआर) ने सोमवार को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के तीसरे मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) पर 47 गेंदें शेष रहते आठ विकेट से बड़ी जीत दर्ज की। 26 रन देकर दो विकेट लेने वाले नांद्रे बर्गर को ‘प्लेयर आॅफ द मैच’ का पुरस्कार मिला।
वैभव सूर्यवंशी और यशस्वी जायसवाल की सलामी जोड़ी ने 128 रनों के छोटे से लक्ष्य को अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से उड़ाते हुए महज 6.2 ओवरों में 75 रन ठोक डाले। इस दौरान वैभव सूर्यवंशी ने महज 15 गेंदों में चार चौके और पांच छक्कों की मदद से 50 रन बनाकर अपना अर्धशतक पूरा किया। उन्हें अंशुल काम्बोज ने आउट किया। वैभव सूर्यवंशी ने 17 गेंदों में चार चौके और पांच छक्कों की मदद से 52 रनों की पारी खेली। नौवें ओवर की तीसरी गेंद पर काम्बोज ने ध्रुव जुरेल को बोल्ड आउट कर अपना दूसरा विकेट लिया। ध्रुव जुरेल ने नौ गेंदों में चार चौकों की मदद से 18 रन बनाये। इसके बाद आरआर ने 12.1 ओवरों में दो विकेट पर 128 रन बनाकर मुकाबला आठ विकेट से अपने नाम कर लिया। यशस्वी जायसवाल ने 36 गेंदों में तीन चौके और एक छक्का लगाते हुए नाबाद 38 रनों की पारी खेली और रियान पराग ने 11 गेंदों में एक चौका और एक छक्का उड़ाते हुए नाबाद 14 रन बनाये।
इससे पहले आज यहां आरआर के गेंदबाजों ने पहले बल्लेबाजी कर रही चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) को 19.4 ओवरों में 127 रन पर समेट दिया था। राजस्थान रॉयल्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी चेन्नई की शुरूआत अच्छी नहीं रही और उसने 19 के स्कोर तक अपने तीन विकेट गंवा दिये। संजू सैमसन और कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ छह-छह रन बनाकर आउट हुये। आयुष म्हात्रे अपना खाता भी नहीं खोल पाये। इसके बाद मैथ्यू शॉट पांच रन बनाकर आउट हुये। सरफराज खान और कार्तिक शर्मा ने पारी को संभाले का प्रयास किया। लेकिन रवींद्र जडेजा और बृजेश शर्मा ने दोनों बल्लेबाजों को पगबाधा आउट कर पवेलियन भेज दिया। सफराज खान ने 17 और कार्तिक शर्मा ने 18 रन बनाये। शिवम दुबे (छह) का रवींद्र जडेजा ने शिकार किया। नूर अहमद एक रन बनाकर आठवें विकेट के रूप में आउट हुये। मैट हेनरी पांच रन बनाकर आउट हुये। 20वें ओवर की चौथी गेंद पर जेमी ओवर्टन के रनआउट होने के साथ चेन्नई सुपर किंग्स की पारी 127 रन के स्कोर पर सिमट गई। जेमी ओवर्टन और अंशुल काम्बोज ने 10वें विकेट के लिए 33 रन जोड़कर स्कोर 100 रनों के पार पहुंचाया। जेमी ओवर्टन ने 36 गेंदों में दो चौके और दो छक्के उड़ाते हुए 43 रनों की पारी खेली। राजस्थान रॉयल्स के लिए जोफ्रा आर्चर, नांद्रे बर्गर और रवींद्र जडेजा ने दो-दो विकेट लिये। बृजेश शर्मा और कार्तिक शर्मा ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।















