हमसे जुड़े

Follow us

29.9 C
Chandigarh
Wednesday, April 1, 2026
More
    Home Fraud Alert बुजुर्गों को ...

    बुजुर्गों को लॉटरी का झांसा देकर ठगी करने वाला अंतरराज्यीय गिरोह पकड़ा, दो शातिर दबोचे

    Rewari News
    सांकेतिक फोटो

    रेवाड़ी (सच कहूँ/महेंद्र भारती)। Rewari News: शहर में अकेले जा रहे बुजुर्ग महिला-पुरुषों को अपनी मीठी बातों में फंसाकर सोने के आभूषण और नकदी ठगने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का सीआईए रेवाड़ी ने पदार्फाश कर दिया है। पुलिस ने गिरोह के दो शातिर सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से ठगी के दो जोड़ी सोने के कुंडल बरामद किए हैं। आरोपियों की पहचान राजस्थान के जिला खैरथल-तिजारा के मातोर रोड निवासी गोविंद और मोहल्ला गुर्जरवाड़ा, रेवाड़ी निवासी राजकुमार के रूप में हुई है। डीएसपी बावल सुरेंद्र श्योराण ने प्रेस वार्ता में बताया कि 9 फरवरी को मोहल्ला बंजारवाड़ा निवासी एक बुजुर्ग महिला अपने पोते को स्कूल छोड़कर घर लौट रही थीं। इसी दौरान दोनों आरोपियों ने उन्हें रोककर बातों में उलझाया और कहा कि उनकी लॉटरी निकली है। Rewari News

    लालच में लेकर उन्होंने महिला के कानों से सोने के कुंडल उतरवा लिए। इसके बाद फोटो खींचने और इनाम की औपचारिकता पूरी करने का बहाना बनाकर आरोपी मौके से फरार हो गए। इसी प्रकार 6 फरवरी को पीएनबी बैंक, सर्कुलर रोड के पास एक अन्य बुजुर्ग महिला को भी दोनों शातिरों ने अपना शिकार बनाया। वहां उन्होंने महिला को भरोसे में लेकर एक जोड़ी सोने के कुंडल और 6 हजार रुपये नकद ठग लिए। दोनों घटनाओं के बाद थाना शहर रेवाड़ी में अलग-अलग ठगी के मुकदमे दर्ज किए गए, जिनकी जांच सीआईए रेवाड़ी को सौंपी गई। जांच के दौरान सीआईए टीम ने सीसीटीवी फुटेज, मुखबिर तंत्र और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की। शुक्रवार को पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से दबिश देकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

    पूछताछ में आरोपियों ने दोनों वारदातों को अंजाम देना कबूल कर लिया, जिसके बाद उनकी निशानदेही पर ठगे गए सोने के दो जोड़ी कुंडल बरामद किए गए। अदालत में पेश करने के बाद दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पूछताछ में यह भी खुलासा हुआ कि आरोपी विशेष रूप से ऐसे बुजुर्ग महिला-पुरुषों को निशाना बनाते थे, जो अकेले आते-जाते हों। पहले उनसे अत्यधिक अपनापन दिखाकर बातचीत शुरू करते, फिर लॉटरी, गहने दोगुने करने या किसी रिश्तेदार का हवाला देकर भरोसा जीतते थे। जैसे ही पीड़ित उनके जाल में फंसता, आरोपी मौके का फायदा उठाकर आभूषण और नकदी लेकर फरार हो जाते थे। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी गोविंद के खिलाफ राजस्थान के अलवर और खैरथल-तिजारा के विभिन्न थानों में ठगी के 12 मामले पहले से दर्ज हैं। वहीं आरोपी राजकुमार के खिलाफ जिला महेंद्रगढ़ और राजस्थान के अलग-अलग थानों में 6 मामले दर्ज हैं। Rewari News

    इसके अलावा दोनों आरोपी वर्तमान में बहरोड़ और नारनौल में दर्ज दो अन्य मामलों में भी वांछित चल रहे हैं। इससे साफ है कि यह गिरोह लंबे समय से कई जिलों में सक्रिय था और बुजुर्गों को ही आसान निशाना बनाकर वारदातों को अंजाम दे रहा था। प्रेस वार्ता के अंत में डीएसपी सुरेंद्र श्योराण ने आमजन से सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा कि यदि कोई अनजान व्यक्ति जरूरत से ज्यादा अपनापन दिखाए, लॉटरी लगने, गहने दोगुने करने या किसी तरह के लालच की बात करे, तो तुरंत सावधान हो जाएं। विशेषकर बुजुर्ग लोग ऐसे झांसों से बचें और किसी भी अनजान व्यक्ति पर भरोसा न करें। यदि ठगी का प्रयास भी हो, तो तुरंत डायल 112 या नजदीकी पुलिस थाना को सूचना दें, ताकि ऐसे अपराधियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जा सके।

    यह भी पढ़ें:– Theft News: होटल का ताला तोड़कर सामान चोरी के मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार