नकाबपोश बदमाशों ने की मारपीट, जान से मारने की धमकी
नाथूसरी चोपटा (सच कहूँ/भगत सिंह)। जिले के गांव ढुकड़ा में खेत में बनी एक ढाणी में देर रात लूटपाट की वारदात सामने आई है। 31 मार्च की रात करीब 1:19 बजे तीन नकाबपोश युवक ढाणी में घुसे और दंपति को बंधक बनाकर मारपीट की तथा महिला के कानों की सोने की बालियां और नाक का कोका छीनकर फरार हो गए। जानकारी के अनुसार ढुकड़ा निवासी गोपीराम सिहाग अपनी पत्नी के साथ ढाणी में रह रहे थे। इसी दौरान तीन नकाबपोश युवक घर में घुस आए और दोनों को काबू कर लिया। बदमाशों ने गोपीराम के साथ मारपीट की और पति-पत्नी को कमरे में बंद कर दिया। इसके बाद पूरे घर की तलाशी ली, लेकिन कोई कीमती सामान नहीं मिलने पर बदमाश महिला के गहने छीनकर ले गए। जाते समय आरोपियों ने दंपति को जान से मारने की धमकी भी दी। Sirsa News
घटना के कुछ मिनट बाद दंपति किसी तरह खिड़की के रास्ते बाहर निकले और पास की दूसरी ढाणी में जाकर परिजनों को जानकारी दी। इसके बाद डायल-112 पर कॉल कर पुलिस को सूचित किया गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। मामले की जांच जमाल पुलिस चौकी प्रभारी राम कुमार द्वारा की जा रही है।
पीड़ित गोपीराम ने बताया कि वह पिछले 23 वर्षों से ढाणी में रह रहे हैं और पहली बार इस तरह की घटना हुई है। उन्होंने कहा कि उनकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं है, लेकिन क्षेत्र में बढ़ रही नशेड़ियों की गतिविधियों के चलते इस तरह की घटनाएं हो सकती हैं। घटना के बाद आसपास की ढाणियों में रहने वाले लोगों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि क्षेत्र में सुरक्षा का माहौल कायम हो सके। Sirsa News















