पुरानी रंजिश की आशंका, अस्पताल में चल रहा इलाज; पुलिस जांच में जुटी
गाजियाबाद (सच कहूँ/रविंद्र सिंह)। Ghaziabad News: गाजियाबाद जिले के मोदीनगर क्षेत्र में दिनदहाड़े हिस्ट्रीशीटर पर ताबड़तोड़ फायरिंग से सनसनी फैल गई। हमलावर ने राहुल उर्फ कालू नामक युवक पर कई राउंड गोलियां बरसाईं, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।दिनदहाड़े हुई इस फायरिंग ने क्षेत्र में कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। हिस्ट्रीशीटर पर हमला आपराधिक गतिविधियों के सक्रिय नेटवर्क की ओर इशारा करता है, जिसे लेकर पुलिस की चुनौती और बढ़ गई है।
ढाबे के सामने वारदात, चार गोलियां लगीं | Ghaziabad News
घटना सीकरी कला स्थित एक ढाबे के सामने हुई, जहां हमलावर ने राहुल पर अचानक फायरिंग कर दी। उसे गले, सीने, पेट और पैर में चार गोलियां लगी हैं। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
खुद गाड़ी चलाकर अस्पताल पहुंचा घायल
जानकारी के अनुसार, घायल राहुल किसी तरह खुद ही गाड़ी चलाकर यशोदा अस्पताल पहुंचा, जहां उसे भर्ती कर उपचार शुरू किया गया। डॉक्टरों की निगरानी में उसकी हालत पर नजर रखी जा रही है।
आपराधिक पृष्ठभूमि, हाल ही में जमानत पर आया था बाहर
राहुल उर्फ कालू बेगमाबाद का निवासी है और मोदीनगर थाने का हिस्ट्रीशीटर बताया जा रहा है। करीब छह महीने पहले वह जिला पंचायत सदस्य से रंगदारी मांगने के मामले में जेल गया था और दो महीने पहले ही जमानत पर बाहर आया था। Ghaziabad News
पुलिस का बयान: सभी एंगल पर जांच
मामले में सहायक पुलिस आयुक्त भास्कर वर्मा ने बताया कि 2 अप्रैल 2026 को घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है।















