Crops to be weighed only Digital Scales: डबवाली (सुभाष)। मार्किट कमेटी किसान भवन में विधिक माप विज्ञान विभाग की टीम ने कच्चा आढ़तियों द्वारा रबी सीजन में प्रयुक्त किए जाने वाले डिजिटल कांटों की विधिवत जांच (कैलिब्रेशन) की गई तथा उन्हें विभागीय सील लगाकर प्रमाणित किया गया। इसके साथ ही मैनुअल बाटों और तराजू की भी जांच कर उन्हें मानकों के अनुसार सही पाए जाने पर सील किया गया। बड़ी संख्या में आढ़तियों ने आज मार्केट कमेटी के किसान भवन में पहुंचकर अपने कांटों और वज़न की जांच करवाई। Sirsa News

”डिजिटल कांटों का प्रयोग किसानों, मजदूरों तथा आढ़तियों सभी के हित में”
इस अवसर पर चेयरमैन सतीश जग्गा ने कहा कि डिजिटल कांटों का प्रयोग किसानों, मजदूरों तथा आढ़तियों सभी के हित में है। सही तौल व्यवस्था से किसानों को उनकी फसल का पूरा मूल्य मिलता है, मजदूरों को उनके कार्य का उचित मेहनताना मिलता है तथा तौल को लेकर होने वाले विवादों की संभावना भी समाप्त होती है। इससे खरीद प्रक्रिया में पारदर्शिता और विश्वास दोनों बढ़ते हैं।
उन्होंने मुख्य अनाज मण्डी, सब-यार्डों तथा खरीद केंद्रों के सभी आढ़तियों से आह्वान किया कि वे नियमों का पालन करते हुए डिजिटल कांटों से ही तौल करवाएं। विभागीय नियमों के अनुसार डिजिटल मशीनों से तौल करना अनिवार्य है और पुराने तरीके से तौल करना अब मान्य नहीं है। उन्होंने कहा कि सभी आढ़ती अपने डिजिटल कांटों का समय-समय पर कैलिब्रेशन अवश्य करवाएं ताकि खरीद कार्य पारदर्शी, निष्पक्ष एवं सुचारू रूप से संचालित हो सके। Sirsa News















