सुरेशिया के वार्ड 58 का मामला
हनुमानगढ़। जंक्शन क्षेत्र के सुरेशिया में स्थित मोबाइल फोन व किराना दुकान में अज्ञात चोरों ने सेंधमारी कर हजारों रुपए का सामान व नकदी चोरी कर ली। पुलिस अधीक्षक के आदेश पर जंक्शन थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस के अनुसार गांव सतीपुरा के वार्ड 6, निवासी सौरभ शाक्य पुत्र मुरारीलाल ने परिवाद पेश कर बताया कि वह वार्ड 58, सुरेशिया में शाक्य मोबाइल केयर एवं शाक्य किरयाणा स्टोर के नाम से दुकान संचालित करता है। 1 अप्रैल की रात करीब 9.30 बजे वह दुकान बंद कर घर चला गया था। Hanumangarh News
रात के दौरान अज्ञात चोर दुकान के पीछे के गेट की कुंडी तोड़कर अंदर घुस गए और मोबाइल फोन व किराना दुकान से बड़ी मात्रा में सामान चोरी कर ले गए। चोरी हुए सामान में मोबाइल दुकान से 9 नए कीपैड मोबाइल फोन (आइटेल), 1 जियो कीपैड मोबाइल फोन, 7-8 पुराने एंड्रॉयड मोबाइल फोन, 28 नए चार्जर, 20 नेकबैंड, 20 एयरबड्स, 10 स्मार्ट वॉच, 10 मोबाइल बैटरी, 50 डाटा केबल, 5 मोबाइल रिपेयर मशीन तथा दुकान में लगा वाई-फाई कैमरा शामिल है। इसके अलावा किराना दुकान से 24 सरसों तेल की बोतलें, 5 बीड़ी बंडल, 10 टैल्कम पाउडर, 20 सिगरेट डिब्बियां, 10 साबुन पैकेट, 50 आइसक्रीम डिब्बे, 10 ब्रिक्स आइसक्रीम, 1 कट्टा चावल तथा करीब 4500 रुपए नकद भी चुरा लिए गए।
चोर जाते समय दुकान में लगा सीसीटीवी कैमरा भी उखाड़कर ले गए। अगली सुबह दुकान खोलने पर चोरी का पता चला। प्रार्थी ने आसपास तलाश व पूछताछ की, लेकिन चोरों का कोई सुराग नहीं लगा। इस संबंध में 2 अप्रैल को जंक्शन पुलिस थाना में प्रार्थना पत्र दिया गया था, जिसे सुरेशिया चौकी भेजा गया, लेकिन कार्रवाई नहीं होने पर प्रार्थी ने पुलिस अधीक्षक को परिवाद भेजा। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर मामला दर्ज कर जांच उप निरीक्षक गुरदेव सिंह को सौंपी गई है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
सूने मकान को बनाया निशाना, लाखों के जेवरात व नकदी चोरी | Hanumangarh News
हनुमानगढ़। फेफाना थाना क्षेत्र में अज्ञात चोरों ने सूने मकान को निशाना बनाते हुए जेवरात व नकदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना उस समय की है जब मकान मालिक परिवार सहित बाहर गया हुआ था। फेफाना थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार फेफाना निवासी राजेश कुमार (59) पुत्र हरीकृष्ण जाट ने थाने में दी रिपोर्ट में बताया कि वह अपनी पत्नी लाजवंती के साथ 26 मार्च को अपने बेटे-बहू से मिलने सादुलशहर जिला श्रीगंगानगर गया हुआ था।
इस दौरान उनका घर बंद पड़ा था। वह 2 अप्रैल की शाम को वापस अपने घर लौटा तो देखा कि घर की लॉबी का ताला टूटा हुआ है। अंदर जाकर देखा तो सभी कमरों में सामान बिखरा पड़ा था। इसके बाद जब अलमारी की जांच की गई तो गोदरेज अलमारी में रखे जेवरात और नकदी गायब मिले। चोरी हुए सामान में दो सोने की चैन (करीब 4.5 तोला), एक बच्चे की सोने की चैन, बच्चे के 11 सोने के घुंघरू, चार चांदी के कड़े, एक चांदी की कटोरी, एक चांदी का चम्मच तथा करीब 40 हजार रुपए नकद शामिल हैं।
प्रार्थी के अनुसार अज्ञात चोरों ने 31 मार्च या 1 अप्रैल की रात को किसी समय घर में घुसकर वारदात को अंजाम दिया। परिवार के बाहर होने के कारण चोरी का पता देरी से चला। पुलिस ने प्रार्थी की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच सहायक उप निरीक्षक महेन्द्र कुमार को सौंपी है। पुलिस आसपास के क्षेत्र में पूछताछ करने के साथ-साथ संदिग्धों की तलाश में जुटी हुई है। Hanumangarh News















