कैराना (सच कहूँ न्यूज़)। Kairana News: एक माह पूर्व मण्डावर खान संचालक पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग करने के आरोप में वांछित चल रहे एक और आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार करके जेल भेजा है। शासन की ओर से यमुना खादर क्षेत्र के मण्डावर में रेत खनन हेतु पट्टा आंवटित किया गया है। खनन प्वाइंट को हरियाणा के सोनीपत निवासी नीरज मलिक के द्वारा संचालित किया जा रहा है। विगत 02 मार्च को खान संचालक नीरज मलिक की ओर से कैराना कोतवाली पर एक अभियोग दर्ज कराया गया है। Kairana News
बताया कि विगत 01 मार्च को शाम करीब आठ बजे कुछ लोग लाठी-डंडों व तमंचों से लैस होकर खनन प्वाइंट पर पहुंचे। जहां पर उन्होंने गाड़ी ड्राइवर संदीप निवासी ग्राम बाई थाना बढ़ी जनपद सोनीपत के साथ में गाली-गलौच करते हुए मारपीट की। कहा कि ‘या तो हमें पैसे दो नही तो हम रेत की खान नही चलने देंगे’। मामले की जानकारी होने पर वह मौके पर पहुंचा। आरोप है कि आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से उसके ऊपर फायर कर दिया, जिसमें वह बाल-बाल बच गया। इसके पश्चात, आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। शनिवार को पुलिस ने मामले में वांछित चल रहे आरोपी मेहरबान निवासी ग्राम मण्डावर को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया। पुलिस इससे पूर्व मामले में नामजद तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। Kairana News















