बिहार एसटीएफ और पंजाब पुलिस की मदद से मिली सफलता
- जमीनी विवाद निकला हत्या का कारण
लुधियाना (सच कहूँ न्यूज)। Ludhiana News: 29 मार्च को कांग्रेस नेता परमिंदर तिवारी की हत्या के मामले में पुलिस ने दो मुख्य आरोपी विजय कुमार उर्फ अजय (22) और लकी (27) को बिहार से गिरफ्तार कर लिया है। डीसीपी जसकरण जीत सिंह तेजा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मामले का खुलासा किया। इससे पहले विजय के पिता जय सिंह, भाई रवि और अमरीश, तथा चाचा सुनील कुमार को आरोपियों को पनाह देने के आरोप में गिरफ्तार किया जा चुका था। पुलिस जांच में सामने आया कि हत्या का कारण राजनीति नहीं बल्कि निजी रंजिश थी। विजय कुमार का परिवार पिछले 25-30 वर्षों से गांव खोखर (माछीवाड़ा) की पंचायत भूमि पर कब्जा कर रह रहा था। परमिंदर तिवारी लगातार उन्हें जमीन खाली करने के लिए कह रहे थे। इसी दबाव और विवाद के चलते विजय के मन में गहरी रंजिश पैदा हुई और उसने हत्या की योजना बनाई। हत्या से पहले आरोपी का एक वीडियो सामने आया था, जिसमें वह नशे की हालत में कुल्हाड़ी लेकर गांव में घूमता दिखा।
शाम 6:45 बजे उसने तिवारी के सिर पर कुल्हाड़ी से छह वार किए, जिससे उनकी खोपड़ी पूरी तरह डैमेज हो गई। हत्या के बाद आरोपी बस और ट्रेन के जरिए बिहार भाग गए और रिश्तेदारों के पास छिपे रहे। बिहार एसटीएफ की मदद से पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार किया। डीसीपी तेजा ने बताया कि परिवार द्वारा लगाए गए सुपारी देकर हत्या के आरोप सही नहीं पाए गए। यह पूरी तरह निजी विवाद का मामला था। मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही मृतक के परिवार ने अंतिम संस्कार किया। Ludhiana News
यह भी पढ़ें:– चंडीगढ़ बीजेपी मुख्यालय ब्लास्ट केस सुलझा, पांच गिरफ्तार















