Punjab Weather Update: चंडीगढ़ (सच कहूँ न्यूज)। हरियाणा और राजस्थान के बाद अब पंजाब में बदल गया। मौसम विभाग के रेड अलर्ट जारी होने के बीच अमृतसर, मोगा और जालंधर सहित कई जिलों में भारी ओलावृष्टि और तेज बारिश ने कहर बरपाया। सुबह पठानकोट में शुरू हुई झमाझम बारिश के बाद दोपहर से रुक-रुककर तीन घंटे तक चले इस सैलाब ने सड़कों पर सफेद चादर बिछा दी और जगह-जगह जलभराव पैदा कर दिया। Punjab Weather News
हालांकि गर्मी से राहत मिली, लेकिन किसानों की चिंता आसमान छू रही है, क्योंकि गेहूं समेत खड़ी फसलों को भारी नुकसान पहुंचने का खतरा मंडरा रहा है। सुबह पठानकोट में तेज बारिश ने तापमान में भारी गिरावट दर्ज की। इसके बाद दोपहर को अमृतसर और मोगा में गरज-चमक के साथ ओलावृष्टि शुरू हो गई। सड़कों पर मोटे-मोटे ओले गिरने से सफेद चादर-सी बिछ गई, जबकि कई इलाकों में पानी भर गया। शाम ढलते ही जालंधर में भी आंधी के साथ जोरदार बारिश हुई, जिसमें ओले भी शामिल हो गए।
कपूरथला में भी तेज वर्षा रिकॉर्ड की गई
कपूरथला में भी तेज वर्षा रिकॉर्ड की गई, वहीं गुरदासपुर में घने बादल छाए हुए हैं। चंडीगढ़ मौसम केंद्र ने जालंधर, होशियारपुर, गुरदासपुर और कपूरथला के लिए तेज हवाओं, गरज-चमक और भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया था। अलर्ट के अनुरूप इन जिलों में प्रकृति ने तांडव मचा दिया। इस मौसमी उथल-पुथल से सबसे ज्यादा चिंतित किसान वर्ग है। रबी फसलें जैसे गेहूं, सरसों और अन्य खड़ी फसलें ओलावृष्टि की चपेट में आ गई हैं।
कृषि विशेषज्ञों का अनुमान है कि प्रभावित जिलों में फसल नुकसान 20-30 प्रतिशत तक हो सकता है, जिससे बाजार भावों पर असर पड़ेगा। पंजाब सरकार ने नुकसान का आकलन शुरू करने के आदेश दिए हैं। मौसम विभाग के डायरेक्टर सुरेंद्र पाल के मुताबिक 4, 7 और 8 अप्रैल को कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है, जबकि 5, 6 और 9 अप्रैल को अलग-अलग स्थानों पर बारिश हो सकती है। इस दौरान कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ 50-60 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। Punjab Weather News















