अफसर बने मेंटोर, सरसा के 22 स्कूल लिए गोद, अब सीधे मॉनिटरिंग से बदलेगी तस्वीर
- पहल से स्कूलों में शैक्षणिक स्तर और नवाचार में तेजी से देखने को मिलेगा सुधार
सरसा (सच कहूँ/सुनील वर्मा)। School News: जिले में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के लिए शिक्षा विभाग ने बड़ा कदम उठाया है। जिले के 14 पीएम श्री स्कूल और 8 मॉडल संस्कृति स्कूलों सहित कुल 22 स्कूलों को एचसीएस अधिकारियों को गोद देने की योजना तैयार कर ली गई है। इसके तहत प्रत्येक अधिकारी को कम से कम दो पीएम श्री और एक मॉडल संस्कृति स्कूल की जिम्मेदारी सौंपी जा रही है। इन अधिकारियों की भूमिका केवल निगरानी तक सीमित नहीं होगी, बल्कि वे स्कूलों के समग्र विकास, मार्गदर्शन और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को भी सुनिश्चित करेंगे।
शिक्षा विभाग का मानना है कि इस पहल से स्कूलों में शैक्षणिक स्तर, अवसंरचना और नवाचार में तेजी से सुधार देखने को मिलेगा। योजना के तहत उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 3 पीएम श्री और 3 मॉडल संस्कृति स्कूलों का चयन प्रदेश स्तर पर किया जाएगा। इन स्कूलों को शैक्षणिक उत्कृष्टता, आधारभूत ढांचे के विकास और नवीन शिक्षण पद्धतियों के आधार पर सम्मानित किया जाएगा। इसके लिए जिला और मंडल स्तर पर चयन समितियों का गठन किया जा रहा है, जो स्कूलों के प्रदर्शन का मूल्यांकन करेंगी। शिक्षा विभाग के इस नवाचार से जिले में स्कूलों के बीच स्वस्थ प्रतिस्पर्धा बढ़ने की उम्मीद है, जिससे विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक माहौल मिल सकेगा। School News
ब्लॉकवार स्कूलों का बंटवारा, अधिकारियों को सौंपी कमान
जिले के चार उपमंडलों सरसा, डबवाली, कालांवाली और ऐलनाबाद के अंतर्गत आने वाले विभिन्न ब्लॉकों में स्कूलों का वितरण किया गया है। बड़ागुढ़ा ब्लॉक के पीएम श्री स्कूल बड़ागुढ़ा और रोड़ी तथा मॉडल स्कूल बप्प को एसडीएम कालांवाली को सौंपा गया है। वहीं डबवाली ब्लॉक के पीएम श्री स्कूल चौटाला, बिज्जूवाली और मॉडल स्कूल मंडी डबवाली को एसडीएम ऐलनाबाद को जिम्मेदारी दी गई है। ऐलनाबाद क्षेत्र के पीएम श्री स्कूल भुर्टवाला, तलवाड़ा खुर्द और मॉडल स्कूल ऐलनाबाद भी एसडीएम ऐलनाबाद के अधीन रहेंगे।
नाथूसरी चौपटा ब्लॉक के पीएम श्री स्कूल डिंग और रूपावास को सीटीएम सरसा को सौंपा गया है, जबकि मॉडल स्कूल जमाल और नाथूसरी चौपटा की जिम्मेदारी क्रमश: जिला परिषद सीईओ और आरटीओ को दी गई है। ओढ़ां ब्लॉक में पीएम श्री स्कूल ओढ़ां को एसडीएम डबवाली, पीएम श्री स्कूल पन्नीवाला मोटा को जिला परिषद के सीईओ और मॉडल स्कूल कालांवाली को एसडीएम कालांवाली को गोद दिया गया है। रानियां ब्लॉक में पीएम श्री स्कूल खारियां और मॉडल स्कूल रानियां की जिम्मेदारी आरटीओ सरसा को दी गई है, जबकि पीएम श्री स्कूल बणी को एसडीएम ऐलनाबाद को सौंपा गया है। वहीं सरसा ब्लॉक के पीएम श्री स्कूल माधोसिंघाना और कंवरपुरा को एसडीएम सरसा तथा मॉडल स्कूल सरसा को सीटीएम सरसा को गोद दिया गया है।
समग्र शिक्षा अभियान के सहायक जिला परियोजना समन्वयक विनोद कुमार ने बताया कि सरसा में शिक्षा सुधार के लिए 14 पीएम श्री और 8 मॉडल संस्कृति स्कूलों सहित 22 स्कूल एचसीएस अधिकारियों को गोद दिए गए हैं। हर अधिकारी को कम से कम दो पीएम श्री और एक मॉडल स्कूल की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इन स्कूलों की मॉनिटरिंग के साथ विकास और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर काम करेंगे। बेहतर प्रदर्शन करने वाले 3-3 स्कूलों को प्रदेश स्तर पर सम्मानित किया जाएगा।
समग्र शिक्षा अभियान के जिला परियोजना समन्वयक कृष्ण कुमार ने बताया कि इस योजना का मुख्य उद्देश्य स्कूलों की शिक्षा गुणवत्ता में सुधार लाना, अवसंरचना को मजबूत करना और नवाचार को बढ़ावा देना है। एचसीएस अधिकारियों की निगरानी से स्कूलों का समग्र विकास सुनिश्चित होगा। साथ ही, बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रतिस्पर्धा बढ़ेगी और विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिल सकेगा। School News















