Female E-Rickshaw Pilots Beginning: लखनऊ। उत्तर प्रदेश में महिलाओं की सुरक्षा, स्वावलंबन और सुविधाजनक आवागमन को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली राज्य सरकार ने ‘सेफ मोबिलिटी कार्यक्रम’ के अंतर्गत एक महत्वपूर्ण पहल आरम्भ की है। इस योजना के माध्यम से महिला चालकों द्वारा संचालित ई-रिक्शा सेवाओं का विस्तार किया जा रहा है, ताकि छात्राओं और कामकाजी महिलाओं को विद्यालय, कार्यालय तथा अन्य आवश्यक स्थलों तक सुरक्षित परिवहन सुविधा उपलब्ध हो सके। Uttar Pradesh News
कार्यक्रम के प्रथम चरण में स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को एक हजार ई-रिक्शा प्रदान किए जा रहे हैं। इस योजना का संचालन प्रारम्भिक रूप से अयोध्या, गोरखपुर, वाराणसी, कौशांबी तथा झांसी में किया जा चुका है, जबकि शीघ्र ही लखनऊ, प्रयागराज, मिर्जापुर, भदोही, सोनभद्र, देवरिया, लखीमपुर खीरी तथा सीतापुर में भी इसे लागू किए जाने की तैयारी है।
यह पहल विशेष रूप से ग्रामीण और अर्ध-शहरी क्षेत्रों की महिलाओं के लिए उपयोगी सिद्ध हो रही है, जहाँ महिला चालकों द्वारा संचालित परिवहन सेवा सुरक्षा और सुविधा दोनों दृष्टियों से भरोसेमंद विकल्प के रूप में उभर रही है। इस योजना का संचालन उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत तकनीकी सहयोगी संस्था डेवलपमेंट अल्टरनेटिव्स के सहयोग से किया जा रहा है। Uttar Pradesh News
100 से अधिक महिलाओं को ई-रिक्शा उपलब्ध कराकर उन्हें स्वरोजगार से जोड़ा जा चुका है
अब तक इस कार्यक्रम के अंतर्गत कई जिलों में 100 से अधिक महिलाओं को ई-रिक्शा उपलब्ध कराकर उन्हें स्वरोजगार से जोड़ा जा चुका है। इसके अतिरिक्त सैकड़ों महिलाओं को वाहन संचालन का प्रशिक्षण तथा अनेक महिलाओं को ड्राइविंग लाइसेंस भी प्रदान किए गए हैं। इस पहल से जुड़ी महिलाएँ न केवल आत्मनिर्भर बन रही हैं, बल्कि अपने परिवार की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
‘सेफ मोबिलिटी कार्यक्रम’ का प्रभाव केवल परिवहन सुविधा तक सीमित नहीं है। इससे छात्राओं की शिक्षा तक पहुँच सरल होगी, कामकाजी महिलाओं की यात्रा अधिक सुरक्षित बनेगी तथा ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। महिला सुरक्षा, सम्मानजनक परिवहन और आर्थिक सशक्तीकरण को एक साथ प्रोत्साहित करने वाली यह पहल प्रदेश के सामाजिक-आर्थिक विकास में नई दिशा प्रदान कर रही है। Uttar Pradesh News















