आज के समय में बढ़ती बिजली खपत न केवल जेब पर असर डालती है, बल्कि पर्यावरण पर भी गंभीर प्रभाव छोड़ती है। ऐसे में घर पर ही कुछ आसान उपाय अपनाकर ऊर्जा की बचत की जा सकती है। यह न सिर्फ खर्च कम करता है, बल्कि संसाधनों के संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। सबसे पहला और सरल तरीका है- अनावश्यक बिजली उपकरणों को बंद रखना। अक्सर हम पंखे, लाइट या टीवी को बिना उपयोग के भी चालू छोड़ देते हैं, जिससे ऊर्जा की बबार्दी होती है। घर से बाहर निकलते समय सभी स्विच बंद करने की आदत डालना बेहद जरूरी है।
ऊर्जा बचत के लिए एलईडी बल्बों का उपयोग करना भी एक प्रभावी कदम है। ये पारंपरिक बल्बों की तुलना में कम बिजली खपत करते हैं और अधिक समय तक चलते हैं। इसके अलावा, प्राकृतिक रोशनी का अधिक से अधिक उपयोग करना चाहिए। दिन के समय खिड़कियां और दरवाजे खुले रखें ताकि कृत्रिम रोशनी की आवश्यकता कम पड़े। रसोई में भी ऊर्जा बचत संभव है। खाना बनाते समय प्रेशर कुकर का उपयोग करने से गैस की खपत कम होती है। साथ ही, बर्तन ढककर पकाने से भी ऊर्जा की बचत होती है। फ्रिज का दरवाजा बार-बार खोलने से बचना चाहिए, क्योंकि इससे अतिरिक्त बिजली खर्च होती है। एयर कंडीशनर और हीटर का उपयोग सीमित करना भी जरूरी है। यदि संभव हो, तो पंखों और प्राकृतिक वेंटिलेशन का सहारा लें। इसके अलावा, बिजली उपकरण खरीदते समय ऊर्जा दक्षता (स्टार रेटिंग) का ध्यान रखना चाहिए। –एजेंसी















