डबवाली पुलिस की बड़ी कार्रवाई, पंजाब से 2 आरोपी दबोचे
डबवाली (सच कहूँ न्यूज)। Dabwali News: बाइक चोरी की बढ़ती वारदातों पर लगाम लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत डबवाली पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए अंतरराज्यीय मोटरसाइकिल चोर गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने पंजाब से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 12 चोरीशुदा मोटरसाइकिल बरामद की हैं। कार्रवाई स्पेशल स्टाफ/एवीटी स्टाफ प्रभारी उपनिरीक्षक राजेश कुमार और थाना शहर प्रभारी निरीक्षक देवीलाल के नेतृत्व में गठित टीम ने की। पकड़े गए आरोपियों की पहचान सिकंदर सिंह उर्फ गोल्डी निवासी फाजिल्का और लखविंदर सिंह उर्फ लक्खा निवासी आवा (फाजिल्का) के रूप में हुई है। डीएसपी मुख्यालय कपिल अहलावत ने प्रेस वार्ता में बताया कि 15 मई 2025 को मंडी डबवाली निवासी अनिल कुमार ने अपनी एचएफ डीलक्स बाइक चोरी होने की शिकायत दर्ज करवाई थी।
उसने बाइक बाजार में एक दुकान के बाहर खड़ी की थी, जहां से अज्ञात चोर उसे ले गए। मामले में केस दर्ज कर पुलिस ने विशेष टीम गठित की और लगातार निगरानी व तकनीकी जांच के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई। टीम ने सटीक कार्रवाई करते हुए गिरोह का पदार्फाश किया और दोनों आरोपियों को काबू कर लिया। उनके कब्जे से चोरी की गई बाइक के साथ 11 अन्य मोटरसाइकिल भी बरामद की गईं, जो अलग-अलग राज्यों की हैं। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपी नशे के आदी हैं और नशे की पूर्ति के लिए बाइक चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। पुलिस के अनुसार आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा। रिमांड के दौरान उनसे गिरोह के अन्य सदस्यों और अन्य वारदातों के बारे में पूछताछ की जाएगी।
पहले भी दर्ज हैं केस
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक सिकंदर उर्फ गोल्डी के खिलाफ फाजिल्का के विभिन्न थानों में चोरी के कई मामले दर्ज हैं, जबकि लखविंदर उर्फ लक्खा पर मारपीट सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज हैं।पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में बढ़ती बाइक चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
फोटो: डबवाली01,02- पकड़े गए आरोपी बाइक के साथ व पै्रस को जानकारी देते डीएसपी।
यह भी पढ़ें:– Manesar Strike: मानेसर में हड़ताली कर्मचारियों ने फूंकी पुलिस की बाइक, हुआ लाठीचार्ज















