पंजाब विश्वविद्यालय और सरकारी महेन्द्रा कॉलेज के कार्यक्रमों में पहुंचे थे राज्यपाल
पटियाला (सच कहूँ/खुशवीर सिंह तूर)। Punjab School Bomb Threat: पटियाला के कई प्रसिद्ध स्कूलों को वीरवार को फिर बम से उड़ाने की धमकी मिली, जिसके बाद प्रशासन हरकत में आ गया। इस दौरान इन निजी स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए उन्हें घर भेज दिया गया और पुलिस द्वारा जांच पड़ताल शुरू कर दी गई। एक बड़ी बात यह थी कि आज पटियाला में पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया पंजाब विश्वविद्यालय और सरकारी महेन्द्रा कॉलेज में कार्यक्रमों में शिरकत करने पहुंचे थे। प्राप्त जानकारी के अनुसार, पटियाला के वीपीएस, डीपीएस, बलोजम स्कूल, भूपेन्द्र इंटरनेशनल स्कूल, माउंट जी लिटरा स्कूल, केवी स्कूल आदि आधे दर्जन स्कूलों को यह धमकी भरे ईमेल आए हैं। पटियाला के एसपी सिटी पलविंदर चीमा, डीएसपी सिटी 1 सतनाम सिंह सहित विभिन्न थानों के इंचार्ज द्वारा अपनी टीमों के साथ सर्च अभियान चलाया गया। इसके साथ ही डॉग स्क्वायड लेकर स्कूलों के हर कोने की चेकिंग की गई। इस चेकिंग के दौरान कोई भी संदेहास्पद वस्तु सामने नहीं आई।
इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने कहा कि वे सख्त सुरक्षा उपायों के तहत स्कूलों में चेकिंग अभियान चला रहे हैं, क्योंकि हमारे बच्चे देश का भविष्य हैं और उनकी जिंदगी के साथ खिलवाड़ करने वाले किसी भी असामाजिक तत्व को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि पुलिस इस मामले में पूरी तरह से जांच कर रही है। उन्होंने यह भी कहा कि असामाजिक तत्वों द्वारा समाज में असमंजस पैदा करने के लिए ऐसे कदम उठाए जाते हैं, लेकिन पुलिस इस मामले में पूरी तरह सतर्क है। उल्लेखनीय है कि आज पंजाब के राज्यपाल द्वारा पंजाब विश्वविद्यालय और सरकारी महेन्द्रा कॉलेज में विभिन्न कार्यक्रमों में शिरकत की जानी थी, जिसके कारण पुलिस हाई अलर्ट मोड में थी।
मोगा में धमकी से फैली दहशत, खाली करवाया स्कूल | School Bomb Threat
मोगा। वीरवार को मोगा जिले के तीन प्राइवेट स्कूलों को धमकी भरे ईमेल मिले, जिनमें चेतावनी दी गई थी कि उन्हें उड़ा दिया जाएगा, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल फैल गया। इन स्कूलों में महिमा सिंह वाला गांव के पास स्थित नारायण स्कूल के साथ-साथ दो अन्य निजी संस्थाएं भी शामिल हैं। ईमेलों में स्कूलों को बम से उड़ाने की स्पष्ट धमकी दी गई थी। जैसे ही स्कूल प्रशासन को स्थिति का पता चला, उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचित किया। नारायण स्कूल की प्रिंसिपल नीना सिंह ने कहा कि विद्यार्थियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए, स्कूल को तुरंत खाली करवा लिया गया और बच्चों को घर भेज दिया गया। इसके अलावा, माता-पिता से फोन के माध्यम से संपर्क किया गया और स्कूल के आंगन से बच्चों को इकट्ठा करने के लिए कहा गया।
सूचना मिलने पर, पुलिस टीमें मौके पर पहुंची और स्कूलों की पूरी तलाशी ली। अब तक, किसी भी प्रकार की कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है, हालांकि, सुरक्षा एजेंसियों ने मामले को गंभीरता से लिया है और जांच शुरू कर दी है। इस घटना के बाद, मोगा के अन्य स्कूलों में भी डर का माहौल बना हुआ है। उल्लेखनीय है कि हाल के दिनों में मोगा के सरकारी स्कूलों को भी इसी तरह की धमकियां मिली हैं, जिससे प्रशासन की चिंता बढ़ गई हैं। पुलिस अधिकारियों ने जनता से अफवाहें फैलाने से बचने और शांति बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने यह भी जोर दिया कि सुरक्षा प्रोटोकॉल में किसी भी प्रकार की लापरवाही सहन नहीं की जाएगी। एक पुलिस अधिकारी ने पुष्टि की कि धमकियां भेजने के लिए इस्तेमाल की गई ईमेल आईडी की जांच की जा रही है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा सके। School Bomb Threat















