हनुमानगढ़। जंक्शन शहर में दिनदहाड़े कार लूट की वारदात सामने आई है। जंक्शन थाना पुलिस ने परिवादी की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार हरियाणा के जिला सिरसा के गांव बेहरवाला खुर्द निवासी राजेश कुमार (50) पुत्र इन्द्राज जाट ने जंक्शन थाना में रिपोर्ट दी। परिवादी ने बताया कि वह 18 मार्च को किसी कार्य से हनुमानगढ़ आया हुआ था। Hanumangarh News
दोपहर करीब 2.30 बजे जंक्शन में लाल चौक पर 4-5 अज्ञात व्यक्ति उसके पास आए और गाड़ी को बैंक में ले जाने की बात कहकर उसे रिको एरिया श्रीगंगानगर रोड की ओर ले गए। वहां पहुंचकर आरोपियों ने गाड़ी रुकवाकर चाबी मांगी। कारण पूछने पर धमकी देते हुए कहा कि अब गाड़ी उनकी है। इसके बाद आरोपियों ने मारपीट कर जबरन गाड़ी की चाबी छीन ली और परिवादी राजेश कुमार व उसके साथी जगतार सिंह को अज्ञात स्थान पर ले जाकर नीचे उतार दिया। इसके बाद आरोपी उसकी कार नंबर एचआर 44 एल 7898 लेकर फरार हो गए। बताया गया कि आरोपी एक अन्य गाड़ी नंबर आरजे 31 सीसी 1871 में सवार होकर आए थे। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच सहायक उप निरीक्षक कृष्ण कुमार को सौंपी है। Hanumangarh News















