टोहाना क्षेत्र में सांसद सुभाष बराला ने विकास कार्यों का किया लोकार्पण
जाखल (सच कहूँ/तरसेम सिंह)। राज्यसभा सांसद सुभाष बराला (Subhash Barala) ने शुक्रवार को टोहाना विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों में विकास कार्यों का उद्घाटन कर ग्रामीण विकास को नई गति प्रदान की। इस दौरान उन्होंने गांव ढाणी डूलट में शहीद कृष्ण कुमार सेवदा पुस्तकालय तथा गांव मार्थला में सिंचाई विभाग द्वारा निर्मित पुल का लोकार्पण किया। सांसद ने गांव सिधानी में नवनिर्मित आंगनवाड़ी केंद्र का भी लोकार्पण किया। Jakhal
सांसद का गांवों में पहुंचने पर ग्रामीणों द्वारा उनका भव्य स्वागत किया गया। कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भागीदारी देखने को मिली।
ग्रामीणों को संबोधित करते हुए सांसद सुभाष बराला ने कहा कि केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अब अंतिम पंक्ति तक पहुंच रहा है, जिससे गांवों की तस्वीर तेजी से बदल रही है। उन्होंने कहा कि शिक्षा, रोजगार और आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के उद्देश्य से सरकार निरंतर कार्य कर रही है।
उन्होंने शहीद कृष्ण कुमार सेवदा के नाम पर बने पुस्तकालय को युवाओं के लिए प्रेरणास्थल बताते हुए कहा कि इससे विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में सहायता मिलेगी और वे अपने भविष्य को बेहतर बना सकेंगे। साथ ही उन्होंने मेरिट के आधार पर युवाओं को मिल रही नौकरियों का जिक्र करते हुए पारदर्शी भर्ती प्रणाली को सरकार की बड़ी उपलब्धि बताया। Jakhal
सांसद ने किसानों और ग्रामीणों के हित में चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि सरकार का उद्देश्य हर वर्ग का समग्र विकास सुनिश्चित करना है। उन्होंने ग्रामीणों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और उनके समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस अवसर पर क्षेत्र के गणमान्य नागरिक, जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें:– बाल संरक्षण अधिकारी व सुपरवाइजर ने महिलाओं और बच्चों को किया जागरूक, सुरक्षा संबंधी दी अहम जानकारियां















