हमसे जुड़े

Follow us

30.3 C
Chandigarh
Saturday, April 11, 2026
More
    Home देश आपको काम करना...

    आपको काम करना है या नहीं? सुधार नहीं करने पर होगी कार्रवाई: एसडीएम

    Sirsa News

    एसडीएम ने लगाई खरीद एजेंसी, मंडी सुपरवाइजर व आढ़तियों को जमकर फटकार, नोटिस किया जारी

    ओढ़ां (सच कहूँ/राजू)। गांव ओढ़ां स्थित अनाज मंडी गेहूं के ढेरों से अटी पड़ी है। खरीद एजेंसी हैफेड ने गेहूं में अधिक नमी होने की बात कहकर अभी तक खरीद शुरू नहीं की है। अनाज मंडी में आढ़तियों द्वारा गेहूं की सफाई के नाम पर महज खानापूर्ति की जा रही है। शुक्रवार को अनाज मंडी में निरीक्षण करने पहुंचे एसडीएम कालांवाली मोहित कुमार खरीद एजेंसी व मंडी सुपरवाइजर तथा आढ़तियों पर काफी नाराज दिखे। उन्होंने तीनों को कड़ी फटकार लगाते हुए नोटिस जारी किए हैं। उन्होंने कहा कि मंडी में फसल बेचने के दौरान किसी भी किसान को कोई भी परेशानी नहीं आनी चाहिए। Sirsa News

    निरीक्षण के दौरान आढ़तियों द्वारा गेहूं की सफाई के नाम पर हो रही खानापूर्ति पर एसडीएम ने मौके पर मौजूद मंडी सुपरवाइजर बलजीत सिंह को कड़ी फटकार लगाते हुए कहा कि आढ़ती गेहूं की अच्छी तरह से सफाई करने की बजाय महज औपचारिकता निभा रहे हैं। उनकी आँखों के सामने नियमों का कोई ध्यान नहीं रखा जा रहा है, ऐसे में वे क्या कर रहे हैं। वहीं उन्होंने गेहूं के ढेरों के निकट कोई भी सफाई करने वाला पंखा न देखकर आढ़तियों की भी क्लास लगाते हुए कहा कि इन्हें नोटिस जारी करो। कुछ जगहों पर आढ़तियों ने पंखा रखकर औपचारिकता निभा रखी थी। ये देखकर एसडीएम ने नाराज होते हुए कहा कि ये पंखे कार्य के लिए रखे हैं या मात्र दिखावे के लिए। ये सुनकर मंडी सुपरवाइजर से लेकर आढ़ती तक बातों से इतिश्री करते दिखे।

    एसडीएम ने तुरंत सफाई और पंखों से नमी कम करने के निर्देश दिए | Sirsa News

    आपने खरीद क्यों नहीं शुरू की: एसडीएम ने मंडी में गेहूं खरीद शुरू न होने पर हैफेड के परचेजर रणवीर सिंह को फटकार लगाई। परचेजर ने अधिक नमी का हवाला दिया, जिस पर एसडीएम ने तुरंत सफाई और पंखों से नमी कम करने के निर्देश दिए। बिजली न होने की शिकायत पर उन्होंने जनरेटर की व्यवस्था करने को कहा और चेतावनी दी कि शाम तक व्यवस्था ठीक न होने पर कार्रवाई होगी।

    करीब 24 हजार क्विंटल हो चुकी आवक: ओढ़ां अनाज मंडी में शुक्रवार तक लगभग 24 हजार क्विंटल गेहूं की आवक हो चुकी है, जिससे जगह की कमी भी महसूस होने लगी है। बावजूद इसके, खरीद अब तक शुरू नहीं हुई है और किसान कई दिनों से मंडी में इंतजार कर रहे हैं। खरीद एजेंसी का कहना है कि गेहूं में नमी 14 से 18 प्रतिशत होने के कारण खरीद रुकी हुई है। हालांकि, जिन ढेरों में नमी मानक के अनुरूप है, उनके दस्तावेज पूरे होते ही खरीद की जाएगी। वहीं, एसडीएम ने खरीद में देरी पर सख्त नाराजगी जताते हुए जल्द प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए हैं, अन्यथा कार्रवाई की चेतावनी दी है।

    किसान बोले- घंटों तक मंडी के गेट पर खड़ा रहना पड़ता है | Sirsa News

    मौके पर मौजूद किसानों हरबंस सिंह चहल, हीरा सिंह, बलजिन्द्र सिंह बैनीवाल और मलकीत सिंह ने बताया कि मंडी में फसल लाते समय ट्रैक्टरों के दस्तावेजों की जांच और फोटो खींचने के नए नियम से उन्हें भारी परेशानी हो रही है। उन्हें मंडी गेट पर घंटों इंतजार करना पड़ता है। किसानों का कहना है कि जब पहले ही फसल का पंजीकरण हो चुका है और पोर्टल पर आईडी उपलब्ध है, तो फिर इस प्रक्रिया की जरूरत नहीं है। पहले वे सीधे फसल मंडी में ले आते थे, लेकिन अब नए सिस्टम के कारण देरी और अतिरिक्त दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है, यहां तक कि फसल अलग-अलग वाहनों में लानी पड़ रही है।

    आवक बढ़ी, खरीद ठप, मंडियों में फंसा गेहूं

    खारियां (सच कहूँ/सुनील कुमार)। मौसम साफ होते ही क्षेत्र की मंडियों में गेहूं की आवक तेज हो गई है, लेकिन खरीद शुरू न होने से किसानों की परेशानी बढ़ गई है। रानियां, श्री जीवन नगर, ढुडियांवाली, बणी, चक्कां और खारियां मंडियों में ट्रालियों की लंबी कतारें लगी हैं, जबकि नमी और लस्टर लॉस की जांच के चलते खरीद अटकी हुई है। गेट पास बनने के बावजूद फसल मंडियों में ही रुकी हुई है और जगह की कमी के कारण कई किसानों को गेहूं खेतों में रखना या रात-दिन रखवाली करनी पड़ रही है।

    किसानों का कहना है कि पहले ही मौसम से फसल प्रभावित हुई है, अब खरीद में देरी से नुकसान बढ़ रहा है। उन्होंने खराब फसल की भरपाई और कटौती न करने की मांग की है। वहीं, बायोमेट्रिक प्रक्रिया भी समस्या बन रही है, जिससे कई किसानों को फसल बेचने में दिक्कत हो रही है। आढ़तियों ने बढ़ती आवक के बीच बारदाना उपलब्ध कराने और नमी सीमा बढ़ाकर जल्द खरीद शुरू करने की मांग की है, ताकि फसल को सुरक्षित गोदामों तक पहुंचाया जा सके।

    एसडीएम पारस ने डबवाली मंडी में खरीद प्रक्रिया का लिया जायजा

    डबवाली (सच कहूँ/सुभाष)।  एसडीएम पारस भागोरिया ने शुक्रवार को डबवाली अनाज मंडी का दौरा कर गेहूं खरीद प्रक्रिया का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि खरीद के दौरान किसानों की सुविधा और सहायता को प्राथमिकता दी जाए। निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने किसानों और आढ़तियों से बातचीत कर उनकी समस्याएं जानीं और समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि खरीद प्रक्रिया निर्धारित मानकों के अनुसार समयबद्ध तरीके से पूरी की जाए, ताकि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

    मंडी में पहुंचकर निरीक्षण किया था। काफी अव्यवस्थाएं पाई गईं। जिसके चलते कुछ आढ़तियों व मंडी सुपरवाइजर को नोटिस दिए गए हैं। किसान को फसल बेचने के दौरान किसी प्रकार की कोई परेशानी नहीं आने दी जाएगी। जिन किसानों को पोर्टल संबंधी दिक्कत है उन्हें दूर करने के लिए उचित कदम उठाए जा रहे हैं। बडागुढ़ा सहित अन्य मंडियों का भी निरीक्षण कर उचित निर्देश दिए गए हैं।
    – मोहित कुमार, एसडीएम (कालांवाली)

    आढ़तियों का धरना खत्म, शुरू होगी खरीद

    रानियां (सच कहूँ/राजेंद्र गाबा)। अनाज मंडी रानियां में आढ़ती एसोसिएशन का दो दिवसीय धरना शुक्रवार को समाप्त हो गया, जिससे गेहूं खरीद दोबारा शुरू होने की उम्मीद बढ़ गई है। धरने के दौरान खरीद पूरी तरह बंद रहने से किसानों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी और कई किसानों को गेहूं वापस घर ले जाना पड़ा। आढ़तियों ने नई मंडी नीतियों के विरोध में मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपते हुए खरीद में आ रही दिक्कतों को दूर करने की मांग की। हड़ताल के कारण किसानों ने कटाई भी धीमी कर दी थी, लेकिन धरना खत्म होते ही मंडी में आवक फिर बढ़ने लगी है। किसानों ने गेट पास लेकर आना शुरू कर दिया है और उन्हें अब खरीद शुरू होने से राहत की उम्मीद है। Sirsa News