हमसे जुड़े

Follow us

30.3 C
Chandigarh
Saturday, April 11, 2026
More
    Home देश साइबर जागरूकत...

    साइबर जागरूकता अभियान: जाखल में बच्चों को साइबर सुरक्षा व नशा मुक्ति का दिया संदेश

    Cyber ​​Crime
    Cyber ​​Crime साइबर जागरूकता अभियान: जाखल में बच्चों को साइबर सुरक्षा व नशा मुक्ति का दिया संदेश

    जाखल, (तरसेम सिंह)। जिला पुलिस द्वारा चलाए जा रहे साइबर जागरूकता अभियान के तहत थाना साइबर क्राइम फतेहाबाद की टीम ने गाँव जाखल मंडी में स्कूली बच्चों के लिए एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को साइबर अपराधों के बढ़ते खतरे और उनसे बचाव के प्रभावी तरीकों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। कार्यक्रम का संचालन महिला सहायक उपनिरीक्षक सुनीता के नेतृत्व में किया गया। उन्होंने बच्चों को समझाया कि आज के डिजिटल युग में सोशल मीडिया का सही और सुरक्षित उपयोग अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बताया कि अनजान कॉल, फर्जी लिंक, ऑनलाइन गेमिंग के दौरान होने वाली ठगी, ओटीपी शेयर करना और अज्ञात व्यक्तियों से ऑनलाइन संपर्क करना साइबर अपराधों के प्रमुख कारण हैं। उन्होंने बच्चों को सतर्क रहते हुए अपनी व्यक्तिगत जानकारी सुरक्षित रखने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर देने के लिए प्रेरित किया।

    इसके साथ ही कार्यक्रम में नशा मुक्ति को लेकर भी जागरूकता फैलाई गई। बच्चों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में बताते हुए उन्हें स्वस्थ, अनुशासित और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। पुलिस टीम ने विद्यार्थियों के साथ संवाद स्थापित कर उनके सवालों के जवाब दिए और उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रोत्साहित किया। इस अवसर पर स्कूल स्टाफ भी उपस्थित रहा और उन्होंने पुलिस द्वारा चलाए जा रहे इस जागरूकता अभियान की सराहना की। जिला पुलिस ने आमजन, विशेषकर युवाओं से अपील की है कि वे साइबर अपराधों से सतर्क रहें और किसी भी प्रकार की ऑनलाइन धोखाधड़ी या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत संबंधित माध्यमों से दें। साथ ही ऐसे जागरूकता कार्यक्रम भविष्य में भी लगातार जारी रहेंगे, ताकि समाज को सुरक्षित और जागरूक बनाया जा सके।