हमसे जुड़े

Follow us

31.3 C
Chandigarh
Saturday, April 11, 2026
More
    Home खेल सूर्यवंशी का ...

    सूर्यवंशी का एक और कहर, राजस्थान रॉयल्स का जीता चौका

    Guwahati
    Guwahati सूर्यवंशी का एक और कहर, राजस्थान रॉयल्स का जीता चौका

    गुवाहाटी (एजेंसी)। ध्रुव जुरेल (नाबाद 81) और वैभव सूर्यवंशी (78) की तूफानी बल्लेबाजी की बदौलत राजस्थान रॉयल्स (आरआर) ने शुक्रवार को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल ) 2026 के 17वें मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को 12 गेंदें शेष रहते छह विकेट से शिकस्त दी। आरआर की टूनार्मेंट में यह लगातार चौथी जीत है और वह आठ अंकों के साथ तालिका में शीर्ष पर हैं। आर आर ने 18 ओवरों में चार विकेट पर 202 रन बनाकर मुकाबला छह विकेट से अपने नाम कर लिया। ध्रुव जुरेल ने 43 गेंदों में आठ चौके और तीन छक्के उड़ाते हुए नाबाद 81 रनों की मैच विजयी पारी खेली। रवींद्र जडेजा 25 गेंदों में 24 रन बनाकर नाबाद रहे।

    202 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी राजस्थान रॉयल्स की शुरूआत अच्छी नहीं रही और उसने पहले ही ओवर में यशस्वी जायसवाल (13) का विकेट गंवा दिया। इसके बाद बल्लेबाजी करने आये ध्रुव जुरेल ने वैभव सूर्यवंशी के साथ दूसरे विकेट के लिये तूफानी अंदाज में 108 रन जोड़े।नौवें ओवर में क्रुणाल पंड्या ने वैभव सूर्यवंशी को आउटकर आरसीबी को बड़ी सफलता दिलाई। वैभव सूर्यवंशी ने 26 गेंदों में आठ चौके और सात छक्के उड़ाते हुए 78 रनों की विस्फोट पारी खेली। अगली ही गेंद पर क्रुणाल ने शिमरॉन हेटमायर (शून्य) का शिकार कर लिया। अगले ओवर में जॉश हेजलवुड ने कप्तान रियान पराग (तीन) को आउट कर पवेलियन भेज दिया। पांच रन जोड़कर तीन विकेट गंवा कर संकट में फंसी आर आर को रवींद्र जडेजा ने ध्रुव जुरेल के साथ संभाला और टीम को जीत के अंजाम तक पहुंचाया। दोनों बल्लेबाजों के बीच 68 रनों की अविजित साझेदारी हुई। आरसीबी के लिए जॉश हेजलवुड और क्रुणाल पंड्या ने दो-दो विकेट लिये।

    आज यहां इससे पहले वर्षा प्रभावित मुकाबले में कप्तान रजत पाटीदार (63 ), विराट कोहली (32) ओर वेंकटेश अय्यर (नाबाद 29) की शानदार पारियों के दम पर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ आठ विकेट पर 201 रनों का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। राजस्थान रॉयल्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी आरसीबी को जोफ्रा आर्चर ने पहली ही गेंद पर फिल सॉल्ट (शून्य) को आउट कर पहला झटका दिया। इसके बाद बल्लेबाजी करने आये देवदत्त पड़िक्कल ने विराट कोहली के साथ पारी को संभालने का प्रयास किया। दोनों बल्लेबाजों के बीच दूसरे विकेट लिये 44 रनों की साझेदारी हुई। तीसरे ओवर में आर्चर ने पड़िक्कल (14) को आउटकर इस साझेदारी को तोड़ा। क्रुणाल पड्या (एक) और विराट कोहली को रवि बिश्नोई ने अपना शिकार बनाया। विराट कोहली ने 16 गेंदों में सात चौकों की मदद से 32 रन बनाये। जितेश शर्मा (पांच) और टिम डेविड (13) को ब्रिजेश शर्मा ने आउट किया। रोमारियो शेफर्ड ने 11 गेंदों में दो चौके और एक छक्के की मदद से 22 रन बनाये। उन्हें रवींद्र जडेजा ने आउट किया।

    18वें ओवर में संदीप शर्मा ने रजत पाटीदार को आउट कर आरसीबी को बड़ा झटका दिया। पाटीदार ने 40 गेंदों में चार चौके और चार छक्के उड़ाते हुए 63 रनों की पारी खेली। विकेट गिरते रहने के बावजूद आरसीबी ने रनों की रफ्तार को बनाये रखा और स्कोर को 200 रन के पार पहुंचा दिया। आरसीबी ने निर्धारित 20 ओवरों में आठ विकेट पर 201 रनों का विशाल स्कोर बनाया। वेंकटेश अय्यर ने 15 गेंदों में एक चौका और दो छक्के लगाते हुए नाबाद 29 रन बनाये। भुवनेश्वर कुमार नौ रन बनाकर नाबाद रहे। आरआर के लिए जोफ्रा आर्चर, रवि बिश्नोई और बृजेश शर्मा ने दो-दो विकेट लिये। संदीप शर्मा और रवींद्र जडेजा ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।