आढ़ती खुश, मंडी एसोसिएशन ने जताया डीसी व कमेटी सचिव का आभार
सरसा (सच कहूँ न्यूज)। दी आढ़तियां एसोसिएशन मंडी सरसा के प्रयास रंग लाए हैं। गेहूं सीजन में भारी भीड़ और जाम की स्थिति को देखते हुए मंडी एसोसिएशन और मार्केट कमेटी ने नई अतिरिक्त मंडी (बाईपास) में गेहूं की फसल गिरवाने और हैफेड जोन की खरीद प्रक्रिया शुरू कर दी है। Sirsa News
मंडी प्रधान प्रेम बजाज ने बताया कि जिन आढ़तियों के पास गेहूं फसल के लिए कम जगह है, वे अपनी फसल नई अतिरिक्त मंडी बाईपास पर गिरवा सकते हैं। यहां बैठने की व्यवस्था, पीने के पानी और शौचालय की सुविधा उपलब्ध कराई गई है, ताकि किसानों को किसी तरह की परेशानी न हो। उन्होंने कहा कि मंडी में और भी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाने का प्रयास जारी है।
बजाज ने मंडी एसोसिएशन, आढ़तियों और किसानों की ओर से जिला उपायुक्त शांतनु शर्मा, मार्केटिंग बोर्ड के डीएमईओ राहुल कुंडू और मार्केट कमेटी सचिव वीरेंद्र मेहता का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि प्रशासन ने एसोसिएशन द्वारा सुझाई गई समस्याओं पर त्वरित कार्रवाई की है और आगे भी इसी तरह सहयोग मिलने की उम्मीद है। इस मौके पर उप प्रधान राजू सुधा, महासचिव राजेंद्र नढा, कोषाध्यक्ष कृष्ण गोयल, मार्केट कमेटी सह सचिव संदीप कुमार सहित कई आढ़तीगण मौजूद रहे। Sirsa News















