हमसे जुड़े

Follow us

26.7 C
Chandigarh
Thursday, March 19, 2026
More

    आरिफ अलवी ने पाकिस्तान के नये राष्ट्रपति के रूप में शपथ ली

    Arif Alvi

    इस्लामाबाद (एजेंसी)। प्रधानमंत्री इमरान खान के करीबी सहयोगी और पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ पार्टी के संस्थापक सदस्यों में शामिल आरिफ अलवी Arif Alvi  ने रविवार को पाकिस्तान के नये राष्ट्रपति के रूप में शपथ ली।

    पाकिस्तान के प्रधान न्यायाधीश साकिब निसार ने ऐवान-ए-सद्र (राष्ट्रपति भवन) में आयोजित सादे समारोह में पेशे से दंत चिकित्सक 69 वर्षीय अलवी को पाकिस्तान के 13वें राष्ट्रपति के रूप में पद की शपथ दिलायी।

    पूर्ववर्ती ममनून हुसैन ने पांच साल का कार्यकाल पूरा होने के बाद शनिवार को राष्ट्रपति भवन खाली कर दिया था। प्रधानमंत्री इमरान खान, सेना प्रमुख जनरल कमर जावेद बाजवा और विदेशी राजनयिकों सहित शपथ ग्रहण समारोह में सैन्य और असैन्य प्रशासन के शीर्ष अधिकारी शामिल हुए।

    अलवी को चार सितंबर को हुए चुनाव में पाकिस्तान का नया राष्ट्रपति चुना गया था। अलवी ने पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी के उम्मीदवार ऐतजाज अहसन और पाकिस्तान मुस्लिम लीग-एन के उम्मीदवार मौलाना फजल उर रहमान को त्रिकोणीय मुकाबले में मात दी थी।

    नेशनल असेंबली और सीनेट में पड़े कुल 430 मतों में से अलवी को 212 मत मिले थे जबकि रहमान को 131 और अहसन को 81 मत मिले थे। छह मत खारिज कर दिये गये थे।

    जीत के बाद अपने पहले भाषण में अलवी ने प्रधानमंत्री खान को उन्हें इतनी बड़ी जिम्मेदारी के लिए नामांकित करने पर धन्यवाद दिया था। अलवी ने कहा था, आज से मैं सिर्फ पीटीआई द्वारा नामित राष्ट्रपति नहीं हूं, बल्कि मैं पूरे देश और सभी दलों का राष्ट्रपति हूं।

    सभी दल मेरे समक्ष समान हैं। उन्होंने कहा था, मेरा राजनीतिक संघर्ष अय्यूब खान के शासन काल, 1967 से चल रहा है। हालांकि, मेरा मानना है कि तब से अब तक राष्ट्र में बहुत जागरूकता आयी है। राष्ट्रपति ने संविधान में किये गये वादों को दोहराया। अलवी 2006 से 2013 तक पीटीआई के पार्टी के महासचिव रहे हैं।

    Hindi News से जुडे अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और Twitter पर फॉलो करें।