हमसे जुड़े

Follow us

30 C
Chandigarh
Saturday, March 28, 2026
More
    Home देश पटना पहुंचे र...

    पटना पहुंचे राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद

    President Ramnath Kovind

    शाम पांच बजे नयी दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगे

    पटना 15 नवंबर (वार्ता)

    राष्ट्रपति रामनाथ काेविंद समस्तीपुर जिले में पूसा स्थित डॉ. राजेंद्र प्रसाद कृषि विश्वविद्यालय के पहले एवं राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी), पटना के आठवें दीक्षांत समारोह में शामिल होने के लिए एकदिवसीय दौरे पर आज पटना पहुंचे। कोविंद नयी दिल्ली से विशेष विमान से यहां जयप्रकाश नारायण अंतर्राष्ट्रीय हवाईअड्डा पहुंचे, जहां बिहार के राज्यपाल लालजी टंडन ने उनकी अगवानी की।

    इस दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, विधानसभा अध्यक्ष विजय कुमार चौधरी एवं विधान परिषद् के कार्यकारी सभापति हारुण रशीद के अलावा मुख्य सचिव दीपक कुमार, पुलिस महानिदेशक के. एस. द्विवेदी समेत राज्य सरकार के अन्य वरीय अधिकारी मौजूद थे। इसके बाद राष्ट्रपति हेलीकॉप्टर से डॉ. राजेंद्र प्रसाद कृषि विश्वविद्यालय के पहले दीक्षांत समारोह में शामिल होने के लिए पूसा (समस्तीपुर) रवाना हो गये।

    उनके साथ मुख्यमंत्री कुमार भी हैं। राष्ट्रपति समस्तीपुर से लौटने के बाद राजभवन में दोपहर का भोजन करेंगे। इसके बाद शाम चार बजे वह राजधानी पटना के गांधी मैदान के निकट ज्ञान भवन में एनआईटी के आठवें दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे। इस दौरान कोविंद एनआईटी के मेधावी विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक एवं प्रमाण पत्र प्रदान करेंगे। कोविंद दीक्षांत समारोह को संबोधित करने के बाद शाम पांच बजे नयी दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगे।