हमसे जुड़े

Follow us

23.2 C
Chandigarh
Thursday, February 12, 2026
More
    Home राज्य दिल्ली/यूपी मुजफ्फरनगर मे...

    मुजफ्फरनगर में पुलिस मुठभेड़ में 50 हजार का इनामी ढेर, मचा हड़कंप

    Muzaffarnagar
    Muzaffarnagar मुजफ्फरनगर में पुलिस मुठभेड़ में 50 हजार का इनामी ढेर, मचा हड़कंप

    लखनऊ/मुजफ्फरनगर (राहुल) पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले में बुढ़ाना कोतवाली क्षेत्र के विज्ञानी रोड पर बुधवार देर रात पुलिस ने एक सशस्त्र मुठभेड़ में 50 हजार रुपये का इनामी बदमाश अमजद को मार गिराया। मुठभेड़ के दौरान दो पुलिसकर्मी घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मारे गये बदमाश पर लूट, हत्या, डकैती समेत करीब 40 जघन्य मुकदमे दर्ज थे और वह अंतरराज्यीय गिरोह का सक्रिय सदस्य बताया जा रहा था।

    वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय वर्मा ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्रामीण इलाके के जंगल के समीप कुछ बदमाश हैं, जो लूट सहित कई मामलों में वांछित चल रहे हैं। सूचना के आधार पर थाना बुढाना, थाना तितावी एवं थाना शाहपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने सूचना के आधार पर पुलिस ने नाकेबंदी कर सघन चेकिंग शुरू की। इस दौरान पुलिस ने बाइक सवार संदिग्ध बदमाशों को रोकने का प्रयास किया, लेकिन खुद को घिरा देख, उन्होंने पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।

    मुठभेड़ के दौरान आत्मरक्षार्थ फायरिंग में बदमाशों की गोलियां एसपी देहात आदित्य बंसल की गाड़ी पर लगीं। वहीं कई गोलियां पुलिसकर्मियों की बुलेटप्रूफ जैकेट पर भी लगीं। इस दौरान दारोगा संदीप और सिपाही अशफाक घायल हो गए, जिन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में अमजद को कई गोलियां लगीं जिससे वह घायल हो गया। घायल अमजद को पुलिस टीम द्वारा तत्काल सीएचसी बुढाना में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। इस बीच उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।

    पुलिस ने घटनास्थल से एक बाइक, एक कारबाइन और एक पिस्टल बरामद की है। पुलिस के मुताबिक अमजद अन्तर्राज्यीय स्तर का शातिर अपराधी था, जिसके विरुद्ध हत्या, लूट, चोरी, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट एवं एनडीपीएस एक्ट सहित लगभग 40 आपराधिक मुकदमे दर्ज थे। वह थाना बुढाना पर पंजीकृत मु0अ0सं0 459/2025 धारा 309(4) बीएनएस तथा मु0अ0सं0 10/2026 धारा 309(4), 351(3) बीएनएस में वांछित चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर सहारनपुर परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक द्वारा 50 हजार रुपये का पुरस्कार घोषित किया गया था।

    अभियुक्त का आपराधिक इतिहास उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों के साथ-साथ दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान और बिहार तक फैला हुआ था। उस पर हत्या (धारा 302), हत्या के प्रयास (धारा 307), लूट (धारा 392/394), गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट जैसी गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज थे। अधिकारियों के मुताबिक, उसके मारे जाने से अंतरराज्यीय अपराध नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है। फरार बदमाश की गिरफ्तारी के लिए जंगलों में कॉम्बिंग आॅपरेशन चलाया जा रहा है तथा जिले की सीमाओं पर सघन चेकिंग की जा रही है।