बाहरी राज्यों की युवतियों को लाकर पैसों के बदले फर्जी शादी करवाता था
Rajasthan Police: जयपुर (एजेंसी)। राजस्थान पुलिस ने अंतरराज्यीय शादी रैकेट (Interstate Marriage Racket) का भंडाफोड़ कर विवाह के नाम पर ठगी और मानव तस्करी के सनसनीखेज मामले में लंबे समय से फरार मुख्य आरोपी को धर दबोचा। पुलिस अधीक्षक (अपराध) ज्येष्ठा मैत्रेयी के अनुसार मुख्य आरोपी भंवरलाल शर्मा को जयपुर के भांकरोटा क्षेत्र स्थित जयसिंहपुरा इलाके से पुलिस मुख्यालय की अपराध जांच शाखा की टीम ने गिरफ्तार कर लिया और उसे पुलिस थाना गिड़ा, जिला बालोतरा से आई टीम के सुपुर्द कर दिया गया। आरोपी की गिरफ्तारी पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित है। Rajasthan News
उन्होंने बताया कि जांच में सामने आया कि भंवरलाल शर्मा का नेटवर्क देश के कई राज्यों में फैला हुआ था। यह गिरोह कोलकाता, असम, बिहार, उत्तर प्रदेश और झारखंड जैसे राज्यों से गरीब युवतियों को शादी या काम का झांसा देकर राजस्थान लाता था। इसके बाद इन लड़कियों को पश्चिमी राजस्थान के सीमावर्ती जिलों में उन कुंवारे लड़कों को ऊंची कीमतों पर बेच दिया जाता था, जिनकी शादियां नहीं हो रही थीं। शादी के कुछ समय बाद ही यह गिरोह पीड़ितों को कानूनी मुकदमों में फंसाने की धमकी देकर दोबारा अवैध वसूली और ठगी का खेल खेलता था।
भंवरलाल अपने साथियों के साथ मिलकर बाहरी राज्यों की युवतियों को लाकर पैसों के बदले फर्जी शादी करवाता था। परिवादी मगाराम से ढाई लाख रुपए लेकर फर्जी समझौता कराया गया। बाद में दुराचार के झूठे मामले में फंसाने की धमकी दी गई। पुलिस अधीक्षक मैत्रेयी ने बताया कि आरोपी भंवरलाल शर्मा एक शातिर किस्म का अपराधी है, जिसके खिलाफ पूर्व में भी कई गंभीर मामले दर्ज हैं। वह पिछले कई वर्षों से बाहरी राज्यों की युवतियों को लाकर उनकी सौदेबाजी करने वाले संगठित गिरोह का संचालन कर रहा था। Rajasthan News















