एक ही स्थान पर मिलेगा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ – सिविल जज योगेश
फिरोजाबाद (सच कहूँ/विकास पालीवाल)। Firozabad News: राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली एवं उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण लखनऊ के निर्देशानुसार 22 फरवरी को जिला मुख्यालय दबरई के सिविललाइन स्थित विकास भवन में प्रस्तावित वृहद विधिक साक्षरता एवं सेवा मेगा कैम्प के आयोजन को लेकर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सचिव/सिविल जज (सी०डि०) योगेश शिवा द्वारा ए.डी.आर. भवन जनपद न्यायालय परिसर में प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया। Firozabad News
वार्ता के दौरान जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव सुश्री योगेश शिवा ने जानकारी देते हुए बताया कि इस वृहद मेगा कैम्प का मुख्य उद्देश्य जनपद के वृद्धजनों एवं आम नागरिकों को सरकार द्वारा संचालित वृद्धावस्था पेंशन योजना, विधवा पेंशन योजना, दिव्यांग पेंशन योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, श्रमिक पेंशन योजना, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, सामूहिक विवाह योजना, विश्वकर्मा सम्मान योजना, किसानों से संबंधित योजनाएं तथा अन्य सामाजिक सुरक्षा योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराना है।
साथ ही शिविर के माध्यम से आम जनमानस को विधिक साक्षरता प्रदान करते हुए उनके विधिक अधिकारों एवं उपलब्ध सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी भी दी जाएगी। उन्होंने पत्रकार वार्ता में बताया कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण फिरोजाबाद के समस्त पैरालीगल वालंटियर्स (पीएलवी) को निर्देशित किया गया है कि वे शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक जनसंपर्क कर आम नागरिकों को उक्त वृहद मेगा कैम्प के संबंध में जागरूक करें ताकि अधिक से अधिक पात्र व्यक्ति योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें। उन्होंने कहा कि कैंप से लोगों को काफी सहायता मिलेगी। Firozabad News
यह भी पढ़ें:– द न्यू हाइट्स एकेडमी में दो दिवसीय सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता का शुभारंभ















