हमसे जुड़े

Follow us

21 C
Chandigarh
Tuesday, March 31, 2026
More
    Home राज्य राजस्थान देसी रिवॉल्वर...

    देसी रिवॉल्वर व तीन जिंदा कारतूस सहित युवक गिरफ्तार

    New Delhi News
    सांकेतिक फोटो

    हनुमानगढ़। अवैध हथियार बेचने की फिराक में घूम रहे एक युवक को संगरिया थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक देसी रिवॉल्वर व तीन जिंदा कारतूस बरामद कर आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार संगरिया थाना के एएसआई श्रवण कुमार के नेतृत्व में गठित टीम गश्त पर थी। गश्त के दौरान टीम संगरिया कस्बे के कांति चौक पहुंची, जहां मुखबिर से सूचना मिली कि एक युवक भगतपुरा तिराहे की ओर आ रहा है, जिसके पास अवैध देसी रिवॉल्वर है और वह उसे बेचने की फिराक में है। Hanumangarh News

    सूचना पर पुलिस टीम भगतपुरा रोड स्थित तिराहे पर पहुंची। इसी दौरान एक युवक पैदल आता दिखाई दिया, जो पुलिस की प्राइवेट गाड़ी को देखकर अचानक पीछे मुड़कर तेज कदमों से चलने लगा। संदेह होने पर पुलिस ने उसे रोककर पूछताछ की। युवक ने अपना नाम कर्णदीप सिंह उर्फ करणी (20) पुत्र अमृतपाल सिंह निवासी वार्ड 9, गांव भगतपुरा बताया। भागने का कारण पूछने पर वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सका।

    शक के आधार पर तलाशी लेने पर युवक की पेंट की दाहिनी जेब से एक देसी रिवॉल्वर व तीन जिंदा कारतूस बरामद हुए। जब उससे हथियार रखने का लाइसेंस अथवा परमिट मांगा गया तो उसने कोई वैध दस्तावेज नहीं होना बताया। इस पर पुलिस ने रिवॉल्वर व कारतूस जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच एसआई प्रमोद सिंह को सौंपी है। कार्रवाई में एएसआई श्रवण कुमार, हेड कांस्टेबल उम्मेद कुमार व कांस्टेबल मनदीप सिंह शामिल रहे। Hanumangarh News