हनुमानगढ़। आम आदमी पार्टी के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने बिजली दरों में कटौती सहित विभिन्न मांगों को लेकर बुधवार को अतिरिक्त जिला कलक्टर के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में प्रदेश में बिजली व्यवस्था और बढ़ती दरों को लेकर चिंता जताते हुए आमजन को राहत देने की मांग की गई। आप जिलाध्यक्ष सुरेन्द्र बेनीवाल ने आरोप लगाया कि प्रदेश में बिजली, पानी, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सेवाओं को निजी हाथों में देने की दिशा में कार्य किया जा रहा है, जिससे आमजन प्रभावित हो रहा है। Hanumangarh News
साथ ही विभिन्न विभागों में कर्मचारियों के पद समाप्त किए जाने और नई भर्तियां नहीं होने पर भी चिंता व्यक्त की गई। बेनीवाल ने कहा कि बिजली बिलों में फ्यूल सरचार्ज, बेसिक फ्यूल सरचार्ज, विशेष आॅडिट शुल्क, नगरीय कर और इन्फ्रास्ट्रक्चर शुल्क के नाम पर उपभोक्ताओं से अतिरिक्त वसूली की जा रही है। इसके बावजूद उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति नहीं मिल रही और बार-बार कटौती की समस्या बनी रहती है। ज्ञापन में प्रमुख मांगें रखते हुए कहा गया कि पंजाब की तर्ज पर राजस्थान के उपभोक्ताओं को हर महीने 300 यूनिट मुफ्त बिजली दी जाए और 24 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।
विभाग के घाटे का कैग से ऑडिट कर के उसे सार्वजनिक किया जाए
इसके अलावा प्रति यूनिट दरों में कमी, विभिन्न शुल्कों की वसूली बंद करने, स्थाई शुल्क घटाने तथा बिजली विभाग में स्थाई कर्मचारियों की भर्ती करने की मांग की गई। आम आदमी पार्टी ने यह भी मांग की कि विभाग के घाटे का कैग से ऑडिट कर के उसे सार्वजनिक किया जाए, भ्रष्टाचार और स्क्रैप घोटालों की जांच हो तथा जबरन लगाए जा रहे स्मार्ट मीटरों पर रोक लगाई जाए।
साथ ही सौर ऊर्जा की उचित दर पर खरीद, उपखंड स्तर पर तकनीकी टीमों का गठन और खराब मीटर बदलने के नाम पर ली जा रही राशि को समाप्त करने की भी मांग की गई। पार्टी पदाधिकारियों ने सरकार से आमजन के हित में शीघ्र निर्णय लेते हुए बिजली दरों में राहत देने की मांग की है। इस मौके पर संगठन प्रभारी राजवीर माली, सुभाष पारीक, विजय वर्मा, मदन रैगर, सतपाल सोनी, अजीत झा, मुकेश सेवटा, गुलशन सोनी, करनैल सिंह, लीलाधर भाट, राजकुमार गर्ग, जयपाल स्वामी मौजूद थे। Hanumangarh News















