यमुनानगर (सच कहूँ/लाजपतराय)। Yamunanagar Gas Cylinder Blast: व्यासपुर क्षेत्र के गांव सलेमपुर में उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया जब एक क्वार्टर में गैस सिलेंडर से दूसरे सिलेंडर में गैस भरते समय भीषण हादसा हो गया। हादसे के दौरान सिलेंडर फटने से जोरदार धमाका हुआ। धमाके की आवाज पूरे क्षेत्र में गूंज गई, जिससे अफरा-तफरी मच गई और लोग मदद के लिए दौड़ पड़े। हादसे में 4 बच्चों और 2 महिलाओं सहित कुल 10 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। धमाका इतना जबरदस्त था कि क्वार्टर की दीवारें ढह गईं और लेंटर तक में गहरी दरारें पड़ गईं। घटना सुबह करीब 8 बजे की बताई जा रही है। Yamunanagar News
जानकारी के अनुसार व्यासपुर में फैक्ट्री के कर्मचारियों के लिए क्वार्टर बनाए गए हैं। यहां 17 क्वार्टर बने हुए हैं। सुबह के समय एक क्वार्टर में बड़े सिलेंडर से छोटे सिलेंडर में गैस भरी जा रही थी। इसी दौरान गैस लीक होने से अचानक ब्लास्ट हुआ और आग फैल गई, जिससे कमरे में मौजूद बच्चे और महिलाएं उसकी चपेट में आ गए। हादसे में 2 महीने की सिमरन, 5 साल की शांति, 9 साल की नेहा, 9 साल की शांति, 4 साल की अंशु, 10 साल की सुभांति, रीना देवी और 4 साल की कांति गंभीर रूप से झुलस गई हैं। गनीमत रही कि कमरे में रखे दो गैस से भरे हुए सिलेंडर आग की चपेट में नहीं आए। स्थानीय लोगों ने बताया कि रोज की तरह कई मजदूर सुबह काम पर चले गए थे, जिसकी वजह से कई लोगों की जान बच गई। सूचना मिलते ही 112 की टीम मौके पर पहुंची और 5 बच्चों व एक महिला को जगाधरी सिविल अस्पताल ले जाया गया। बाद में उनकी गंभीर हालत को देखते हुए 10 लोगों को पीजीआई रेफर किया गया। Yamunanagar News
एसएचओ थाना सदर जगाधरी तरसेम सिंह से बात की तो उन्होने कहा कि हादसे के पीड़ित 10 गंभीर मरीजों को पीजीआई चंडीगढ़ में दाखिल करवाया गया है। मामले की पूरी जांच की जाएगी।
यह भी पढ़ें:– हांसी में झपटमार काबू, एवीटी स्टाफ की बड़ी कार्रवाई















