अमृतपाल सिंह गिरफ्तार, किसने क्या कहा पढ़िये…

Amritpal Singh
Amritpal Singh

चंडीगढ़ (सच कहूँ न्यूज) ‘वारिस पंजाब दे’ प्रमुख अमृतपाल सिंह की 36 दिन के अभियान (Amritpal Singh) के बाद नाटकीय गिरफ्तारी पर सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी ने रविवार को जहां अपनी पीठ आप थपथपाई वहीं विपक्षी दलों ने भी दलगत भावना से ऊपर उठकर पुलिस कार्रवाई का स्वागत किया। गौरतलब है कि मोगा जिले से आज सुबह अमृतपाल की गिरफ्तारी के बाद मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने जारी वीडियो संदेश में कहा कि उनकी सरकार और पुलिस ने फरवरी की अजनाला पुलिस थाने की घटना से ही संयमपूर्वक कार्रवाई की है क्योंकि वह खूनखराबा नहीं चाहते थे। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार व पुलिस की शीर्ष प्राथमिकता कानून एवं व्यवस्था के साथ शांति व भाईचारे का माहौल बनाये रखना है।

पंजाब के अमन चैन और सुरक्षा के लिए हम वचनबध: केजरीवाल

मान ने वीडियो संदेश में प्रदेशवासियों के प्रति आभार व्यक्त करने के साथ यह भी कहा कि पार्टी ने, राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने उन्हें मुख्यमंत्री बनाकर उन पर भरोसा जताया। मुख्यमंत्री के नाते उनका फर्ज प्रदेश में अमन, सद्भावना बनाये रखना उनका फर्ज है और वह यह निभाते रहेंगे। केजरीवाल ने ट्वीट कर कहा, ‘पंजाब के अमन चैन और सुरक्षा के लिए हम वचनबध है। इसके लिए कठोर निर्णय लेने को भी हम तैयार हैं।

अमृतपाल सिंह की गिरफ्तारी पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि मान ने इस मिशन को परिपक्वता और साहस से पूरा किया। बिना किसी रक्तपात और गोली चलाये पंजाब पुलिस ने कामयाबी हासिल की, इस दौरान शांति बनाये रखने और पंजाब सरकार का साथ देने के लिए जनता का बहुत बहुत शुक्रिया।

भाईचारा बनाये रखने के लिए लोगों को श्रेय दिया: मलविंदर कंग

वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा व पार्टी के मुख्य प्रवक्ता मलविंदर कंग ने भी ‘किसी खूनखराबे या बिना एक गोली चलाये’ अमृतपाल की गिरफ्तारी के लिए अपनी सरकार की सराहना की। दूसरी तरफ, शिरोमणि अकाली दल (शिअद) ने अमृतपाल के ‘आत्मसमर्पण’ का स्वागत करते हुए कहा कि सरकार को निर्दोष युवाओं की प्रताड़ना बंद करनी चाहिए। शिअद प्रवक्ता दलजीत सिंह चीमा ने यहां जारी बयान में आरोप लगाया कि अभियान के दौरान मान सरकार ने भय का माहौल पैदा किया और निर्दोष युवाओं को प्रताड़ित किया, उन पर मुकदमे दाखिल किये, गिरफ्तारियां कीं और मीडिया समेत बुद्धिजीवियों पर प्रतिबंध (ट्विटर अकाउंट बंद करना आदि) लगाये और उनकी आवाज दबाने की कोशिश की। उन्होंने शांति व भाईचारा बनाये रखने के लिए लोगों को श्रेय दिया।

पंजाब का भाईचारा मजबूत: भाजपा

उधर, भारतीय जनता पार्टी की पंजाब इकाई के अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने अमृतपाल की गिरफ्तारी पर मीडिया से बातचीत में कहा कि पुलिस ने यह रुटीन कार्रवाई की है। (Amritpal Singh) उन्होंने कहा कि कानून व पुलिस अपना काम करेगा। उन्होंने यह भी कहा कि पंजाब का भाईचारा मजबूत है जो आतंकवाद के समय भी कायम रहा था और कोई भी इसे तोड़ नहीं सकता क्योंकि यह हमारे खून में रचा-बसा रिश्ता है। लुधियाना से कांग्रेस सांसद रवनीत सिंह बिट्टू ने पुलिस की कार्रवाई का स्वागत करते हुए कहा कि अमृतपाल ने पत्नी को यूके उड़ान भरने से रोकने की कार्रवाई के बाद सामने आया। उन्होंने पुलिस के बिना किसीको चोट पहुंचाए और गुरुद्वारे की पवित्रता के प्रति सम्मान जताते हुए कार्रवाई करने का स्वागत किया।

अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और TwitterInstagramLinkedIn , YouTube  पर फॉलो करें।