हमसे जुड़े

Follow us

30 C
Chandigarh
Saturday, March 28, 2026
More
    Home राज्य दिल्ली/यूपी दिल्ली से भाज...

    दिल्ली से भाजपा नेता तजिंदर बग्गा गिरफ्तार, पंजाब पुलिस का काफिला हरियाणा पुलिस ने रोका

    BJP Leader Tajinder Bagga

    नई दिल्ली। दिल्ली के भारतीय जनता पार्टी के नेता तेजिंदर सिंह बग्गा को पंजाब पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उनके ऊपर मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल को धमकी देने का आरोप है। जानकारी के अनुसार सुबह 12 गाड़ियों में 50 के करीब पंजाब पुलिस के जवान दिल्ली स्थित बग्गा के घर पहुंचे और उन्हें गिरफ्तार कर लिया। वहीं तेजिंदर बग्गा के पिता प्रितपाल सिंह ने पुलिसकर्मियों पर दुर्व्यवहार का आरोप लगाया है।

    भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पार्टी के नेता तेजिंदरपाल सिंह बग्गा को पंजाब पुलिस द्वारा गिरफ्तार किये जाने को लेकर भाजपा ने तीखी प्रतिक्रिया जताते हुए आज कहा कि पंजाब पुलिस आम आदमी पार्टी के नेता अरविंद केजरीवाल के औज़ार के रूप में काम कर रही है और भाजपा इससे डरने वाली नहीं है। भाजपा के दिल्ली प्रदेश के अध्यक्ष आदेश गुप्ता, पार्टी के राष्ट्रीय सचिव आर पी सिंह एवं पार्टी नेता मनजिंदरजीत सिंह सिरसा ने आज यहां एक संवाददाता सम्मेलन में यह आरोप लगाया। उन्होंने पंजाब पुलिस द्वारा बग्गा का अपहरण किये जाने का आरोप लगाया और कहा कि पंजाब पुलिस नियमों को ताक पर रख कर गैरकानूनी तरीके से सुबह बग्गा को बलपूर्वक पकड़ कर ले गयी और उन्हें पगड़ी तक नहीं पहने दी।

    उन्होंने कहा कि बग्गा ने पंजाब चुनाव के पहले केजरीवाल से राजनीतिक सवाल पूछे थे। उसी वजह से ये कार्रवाई हुई है। उन्होंने सवाल किया कि क्या किसी मुख्यमंत्री से सवाल पूछना गुनाह होता है। यदि ऐसे तानाशाह के अधिकार में दिल्ली पुलिस होती तो ना जाने क्या हाल होता। उन्होंने कहा कि केजरीवाल कहते थे कि वह राजनीति बदलने के लिए राजनीति में आये हैं लेकिन राजनीति ने उन्हें बदल दिया है। गुप्ता ने कहा कि केजरीवाल पंजाब पुलिस का दुरुपयोग कर रहे हैं और पंजाब पुलिस केजरीवाल के हथियार के रूप में काम कर रही है। उन्होंने पंजाब पुलिस द्वारा बग्गा के पिता के साथ किये गये दुर्व्यवहार की निंदा की और कहा कि भाजपा इससे डरने वाली नहीं है। भाजपा ने आपातकाल को झेला है। उन्होंने कहा कि हम केजरीवाल और आम आदमी पार्टी से सवाल पूछते रहेंगे और उनकी गुंडागर्दी का सड़क जवाब देते रहेंगे।

    उल्लेखनीय है कि दिल्ली के मुख्यमंत्री श्री केजरीवाल को कथित तौर पर धमकी देने के आरोप में पंजाब पुलिस के दस से अधिक कर्मियों की एक टीम ने शुक्रवार सुबह भाजपा नेता बग्गा को पश्चिमी दिल्ली स्थित उनके निवास से गिरफ्तार किया और वे पंजाब के लिए निकल गये। घटना की खबर फैलते ही मामले ने राजनीतिक तूल पकड़ लिया। बताया गया है कि पंजाब पुलिस की यह कार्रवाई नियम विरुद्ध है क्योंकि उन्होंने दिल्ली पुलिस को सूचित करने एवं आवश्यक प्रक्रिया के बिना की है। इस कारण से दिल्ली पुलिस ने बग्गा को गिरफ्तार कर ले जाने वाले पंजाब पुलिस की टीम पर दिल्ली के जनकपुरी थाने में अपहरण का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

    यह भी खबर मिली है कि बग्गा को लेकर जा रही पंजाब पुलिस के काफिले को हरियाणा पुलिस कुरुक्षेत्र में रोक लिया है। वहां हरियाणा पुलिस की अपराधा शाखा की टीम पंजाब पुलिस की टीम से पूछताछ कर रही है। पंजाब पुलिस का कहना है कि बग्गा को 5 बार नोटिस दिया गया था लेकिन वह उनके सामने पेश नहीं हुए। लिहाजा उन्हें गिरफ्तार करना पड़ा। समझा जाता है कि हरियाणा पुलिस ने दिल्ली पुलिस की सूचना पर यह कार्रवाई की है।

    अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और TwitterInstagramLinkedIn , YouTube  पर फॉलो करें।

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here