
जमीन के टुकड़ों के लिए रिश्तों का कत्ल, लालच में अंधे हुए ‘अपने’
गोरीवाला/सरसा (सच कहूँ/अनिल)। Goriwala News: सरसा जिला के गांव अहमदपुर दारेवाला में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां जमीनी विवाद के चलते बेटे ने अपने ही पिता की हत्या कर दी। इस घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है और लोगों में गहरा आक्रोश व दुख का माहौल है। मृतक की पहचान 65 वर्षीय जसवंत सिंह के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार रविवार रात करीब 9:30 बजे जसवंत सिंह अपने घर की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान उनका बेटा राम सिंह अपने 2-3 साथियों के साथ जीप में सवार होकर गली के मोड़ पर पहुंचा और उन्हें घेर लिया। पहले आरोपी ने उन्हें वाहन से टक्कर मारकर गिराया और बाद में धारदार हथियार से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। Crime News
घटना के बाद घायल अवस्था में जसवंत सिंह करीब दो घंटे तक गली में पड़े तड़पते रहे, लेकिन कोई भी उन्हें तुरंत अस्पताल नहीं पहुंचा सका। बाद में डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और उन्हें डबवाली के सरकारी अस्पताल ले जाया गया। वहां से उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें एम्स बठिंडा रेफर किया गया, जहां देर रात करीब 1 बजे उन्होंने दम तोड़ दिया। बताया जा रहा है कि पिता-पुत्र के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। आरोपी राम सिंह पर आरोप है कि वह अपनी विवाहित बहन की जमीन पर भी कब्जा करना चाहता था और अपने मानसिक रूप से कमजोर भाई की जमीन पर भी हक जता रहा था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। घटना की सूचना मिलते ही थाना सदर डबवाली के एसएचओ शैलेंद्र कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और आसपास के लोगों से जानकारी जुटाई। पुलिस अगली कार्रवाई में जुट गई है, आरोपी और उसके साथी फरार हैं।
चारपाई पर मिला 57 वर्षीय शमशेर का शव, खून से सना डंडा बरामद | Crime News
- आरोपी छोटा भाई फरार, पुलिस-फोरेंसिक जांच जारी
हांसी (मुकेश)। Hansi Crime News: हांसी सदर थाना क्षेत्र के गांव मसूदपुर में सोमवार सुबह रिश्तों को झकझोर देने वाली वारदात सामने आई, जहां प्रॉपर्टी विवाद के चलते छोटे भाई पर बड़े भाई की हत्या का आरोप लगा है। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई और मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। मृतक की पहचान करीब 57 वर्षीय शमशेर सिंह के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, शमशेर सोमवार सुबह करीब 7 बजे अपने घर में चारपाई पर मृत अवस्था में मिला। शरीर पर चोट के निशान मिलने से हत्या की आशंका जताई गई, जिसके बाद परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस और डीएसपी रविंद्र सांगवान मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। फोरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने घटनास्थल से खून से सना एक डंडा बरामद किया है, जिससे हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि शमशेर सिंह का अपने छोटे भाई सूरजमल के साथ प्रॉपर्टी को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। शमशेर अविवाहित था और तीन भाइयों में मंझला था। बड़ा भाई राजेंद्र का कुछ वर्ष पहले निधन हो चुका है, जबकि छोटा भाई सूरजमल अपने परिवार के साथ गांव में ही रहता है। ग्रामीणों के अनुसार, शमशेर ने कुछ समय पहले अपनी खेती की जमीन सूरजमल के नाम कर दी थी, जिसे बाद में सूरजमल ने बेच दिया। इसके बाद वह अपने मकान को भी बेचने की तैयारी कर रहा था, जिसका शमशेर और सूरजमल की पत्नी दोनों विरोध कर रहे थे। इसी बात को लेकर परिवार में लगातार विवाद बना हुआ था। घटना के बाद आरोपी सूरजमल फरार बताया जा रहा है। Crime News
यह भी पढ़ें:– Operation Muskaan: सीडब्ल्यूसी ने तीन मासूमों का रेस्क्यू कर परिजनों के सुपुर्द किया














